मुगलों ने सल्तनत बख़्श दी’ का हुआ शानदार मंचन

सीधी। शहर की अग्रणी रंगसंस्था रंगदूत सीधी के बैनर तले गंगोत्री फंक्शन हॉल में नाटक ‘मुग़लों ने सल्तनत बख़्श दी’ का प्रभावशाली मंचन किया गया।कार्यक्रम में रंगमंच प्रेमियों एवं शहर के कला-संस्कृति से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती जी के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। रंगदूत द्वारा आयोजित इस नाट्य संध्या में कटनी की प्रतिष्ठित नाट्य संस्था एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसाइटी ने अपनी प्रस्तुति दी। भगवती चरण वर्मा की चर्चित कहानी पर आधारित इस नाटक का नाट्य रूपांतरण राजेश कुमार ने किया है, जबकि नाटक की मंच परिकल्पना एवं निर्देशन सादात भारती का रहा। नाटक ‘मुग़लों ने सल्तनत बख़्श दी’ में इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर को आधार बनाकर अंग्रेजों की कूटनीति, उनकी व्यापारिक रणनीतियों और भारत में धीरे-धीरे स्थापित होती सत्ता की प्रक्रिया को व्यंग्यात्मक एवं रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

नाटक यह दर्शाता है कि किस प्रकार व्यापार के उद्देश्य से भारत आए अंग्रेजों ने अपनी राजनीतिक चालों, आपसी समझौतों और रणनीतियों के माध्यम से देश की सत्ता पर अधिकार स्थापित किया। नाटक में मुगलकालीन परिस्थितियों के माध्यम से सत्ता, स्वार्थ और राजनीतिक दूरदर्शिता जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा गया। इस प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि नाटक केवल ऐतिहासिक घटनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से वर्तमान समय की विदेशी बाजार व्यवस्था, उपभोक्तावाद और विज्ञापन की बदलती प्रवृत्तियों पर भी सवाल खड़े किए गए। बाजार के बढ़ते प्रभाव, व्यापारिक हितों और आम आदमी की बदलती सोच को व्यंग्य के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए नाटक ने दर्शकों को इतिहास और वर्तमान के बीच समानताओं को समझने का अवसर दिया।

हास्य, व्यंग्य और गंभीर सामाजिक संदेश के समन्वय ने प्रस्तुति को विशेष बनाया। नाटक में एकल अभिनय शिवम रजक ने निभाई। वहीं मंच परे सतीश अहिरवार ने मंच व्यवस्था एवं वेशभूषा, विकास सिरमोलिया ने संगीत, गणेश माथुर ने संगीत संचालन, आकाश तिवारी ने ताल वाद्य, कमलेश सेन ने प्रकाश परिकल्पना, अनुज मिश्रा ने मंच सामग्री, रोजलीन शाह ने क्राफ्ट वर्क तथा आदित्य गोस्वामी ने रूप सज्जा का दायित्व संभाला। गायक वृंद में गणेश, आदित्य और आकाश शामिल रहे। यह आयोजन सीधी मे रंगमंचीय गतिविधियों को निरंतर सक्रिय रखने और स्थानीय दर्शकों को देश की विभिन्न नाट्य संस्थाओं एवं उनके प्रयोगधर्मी रंगकर्म से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

संस्था का उद्देश्य केवल नाटकों का मंचन करना ही नहीं, बल्कि समाज में कला, साहित्य, संस्कृति और रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करना तथा सार्थक विषयों को मंच के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाना भी है। इस आयोजन को सफल बनाने में गंगोत्री रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट का विशेष सहयोग रहा। रंगदूत संस्था ने आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए गंगोत्री रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। नाटक ‘मुग़लों ने सल्तनत बख़्श दी’ ने ऐतिहासिक घटनाओं को वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों से जोड़ते हुए दर्शकों के सामने कई महत्वपूर्ण प्रश्न रखे। इस तरह रंगदूत के आयोजन में संपन्न हुई यह नाट्य संध्या सीधी के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक सार्थक रंगमंचीय प्रस्तुति के रूप में दर्ज हुई। साथ ही सीधी के दर्शकों ने नाटक की भूरि- भूरि प्रशंसा की।

Next Post

नपं चुरहट मे विजय सिंह ने सम्हाला सीएमओ का प्रभार

Tue Nov 17 , 2026
चुरहट,( सीधी )। कार्यालयीन एवं कार्यव्यवस्था को देखते हुये संभागीय कार्यालय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के एक आदेश के तहत नगर परिषद गुढ रीवा मे पदस्थ विजय बहादुर सिंह को नगर परिषद चुरहट का प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाया गया है इसके पूर्व मोहित शुक्ला गुढ सीएम ओ को […]

You May Like