बाइक टैक्सी पर कार्रवाई, 53 वाहन चालकों के कटे चालान

इंदौर. निजी उपयोग के लिए पंजीकृत दोपहिया वाहनों को बाइक टैक्सी के रूप में व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और इस संबंध में उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के पालन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जाँच अभियान चलाया.
अभियान में 200 दोपहिया वाहनों की जाँच की गई, जिनमें नियमों का उल्लंघन मिलने पर 53 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई. वहीं, 20 वाहन जुर्माना जमा करने के बाद मुक्त किए गए. कार्रवाई में कुल 60 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया. अभियान के दौरान रैपिडो, ओला, उबर, जुगनू सहित अन्य एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाइक टैक्सी के रूप में संचालित हो रहे दोपहिया वाहनों की विशेष रूप से जाँच की गई. टीम ने यह पड़ताल की कि निजी श्रेणी में पंजीकृत वाहनों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तो नहीं किया जा रहा है. बिना निर्धारित वैधानिक अनुमति निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग नियम विरुद्ध है.

पंजीयन और व्यावसायिक अनुमति की हुई जाँच
जाँच अभियान में वाहनों की पंजीयन श्रेणी, व्यावसायिक संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति, पंजीयन संबंधी दस्तावेजों और एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाइक टैक्सी संचालन की निर्धारित शर्तों का परीक्षण किया गया. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के तहत कार्रवाई की गई.

आरटीओ बोले, आगे भी जारी रहेगा अभियान
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि निजी पंजीयन वाले दोपहिया वाहनों का बिना आवश्यक अनुमति व्यावसायिक उपयोग रोकने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जाँच अभियान चलाया गया है. नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने वाहन मालिकों और बाइक टैक्सी संचालकों से अपील की कि सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां और निर्धारित शर्तें पूरी करने के बाद ही वाहनों का व्यावसायिक संचालन करें. यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे

Next Post

संत समाज को सही दिशा देते हैंः डॉ. यादव

Tue Nov 17 , 2026
इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में शामिल होकर उनका आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज को सही दिशा देने के साथ लोगों को सद्कर्म, संस्कार […]

You May Like