इंदौर: सदर बाजार इलाके में एक कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखा केयरटेकर ही घर की रैकी करता रहा और मौका देखकर अलमारी से जेवर व नकदी चोरी कर ले गया था. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब चार लाख रुपए का चोरी का माल भी बरामद कर लिया है.शनिवार 23 अगस्त को बुजुर्ग के कमरे में रखी अलमारी से सोने की चेन, कान के झुमके टॉप्स, अंगूठी और 15 हजार रुपए नकद गायब मिले थे.
अगले दिन परिजन ने सदर बाजार थाने में शिकायत की. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बुजुर्ग की देखभाल के लिए दो केयरटेकर आते थे. इनमें से एक दीपेश दो दिन काम करने के बाद अचानक आना बंद कर चुका था. इस पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की. जांच में दीपेश के मोबाइल से घटना के आसपास की गतिविधियों से जुड़ा डाटा हटाए जाने की जानकारी मिली. संदेह बढ़ने पर उससे तकनीकी तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया.
नशे की जरूरत पूरा करने के लिए की थी आरोपी ने चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की नीयत से घर में रहते हुए अलमारी और सामान की जानकारी जुटाई थी. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 ग्राम की सोने की चेन, 8 ग्राम के कान के झुमके टॉप्स, 4 ग्राम की सोने की अंगूठी और चार हजार रुपए नकद बरामद किए हैं. बरामद सामान की कीमत करीब चार लाख रुपए बताई गई है.
पुलिस अब चोरी किए बाकी 11 हजार रुपए के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. मामले में थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने नव भारत को बताया कि चोरी की जांच के दौरान घर में काम करने वाले लोगों की गतिविधियों को भी जांच के दायरे में लिया था. मोबाइल की तकनीकी जांच से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया.
