स्कूल के बाहर छात्रों के बीच हुई लड़ाई, 10वीं के छात्र की मौत से इलाके में तनाव।
अहमदाबाद, 20 अगस्त (वार्ता): गुजरात के अहमदाबाद में स्कूल के बाहर हुए एक हिंसक विवाद में एक 8वीं के छात्र ने 10वीं के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना आज स्कूल से छुट्टी होने के बाद हुई, जब दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई और 8वीं के छात्र ने चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल 10वीं के छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्कूल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

