
सोनकच्छ। रविवार रात आठ बजे इंदौर-भोपाल हाइवे पर घट्टिया फाटा के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी और फरार हो गए। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
डायल 112 के स्टाफ देवेंद्र पायलट नरवरिया और कुलदीप राणा ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार पुंजीलाल उम्र 60 वर्ष और इंदरसिंह पिता शंकर मालवीय 42 वर्ष दोनों निवासी भैरुपुरा हाटपीपल्या, सोनकच्छ से अपने गृहग्राम जा रहे थे। घट्टिया फाटा के यहां सड़क क्राॅस करते समय एक तेज रफ्तार कार ने इनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पुंजीलाल और इंदर दोनों गंभीर घायल हो गए। इन्हें हम 112 से सिविल अस्पताल सोनकच्छ लाए, जहां पर पुंजीलाल की मौत हो गई और इंदर का इलाज किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और जांच शुरू कर दी।
अस्पताल में इमरजेंसी स्टाफ नदारद मिला-
डायल 112 के स्टाफ के दोनों सदस्यों ने बताया कि जब हम दोनों गंभीर घायलों को अस्पताल में लेकर गए तब अस्पताल में कोई भी जवाबदार डाक्टर, वार्ड बॉय और कम्पाउंडर नहीं मिला। इस बीच हमने अस्पताल में अावाज लगाकर जवाबदार डाक्टर, वार्ड बॉय को बुलाया लेकिन कोई नहीं आया तो हमने ही दोनों घायलों को स्ट्रेचर से लाकर ड्रेसिंग रूम तक पहुंचाया। सिविल अस्पताल में इमरजेंसी स्टाफ का उपस्थित नहीं होना बड़ी लापरवाही है इस लापरवाही पर उच्च अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
