
सीधी 16 नवम्बर। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा के दौरान उर्वरक उपलब्धता और आत्मा योजना के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने को कहा। उद्यानिकी विभाग के सब्जी आधारित क्लस्टर, पीएमएफएमई, डॉ.अंबेडकर कामधेनु योजना, दुग्ध समितियों, स्मॉल फिश फार्मर तथा तालाबों को पट्टे पर दिए जाने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि मत्स्य पालन के लिए तालाबों के पट्टे नियमानुसार दिए जाएं और आवेदनों के निराकरण में लापरवाही न हो। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एकल नल-जल योजनाओं एवं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी गांवों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। स्कूलों में बच्चों को पानी पीने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा में अपार आईडी, विद्यार्थियों के नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों के पंजीयन, शौचालय एवं शाला भवन निर्माण, पीएम पोषण तथा बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली गई। उन्होंने एसडीएम को अतिक्रमण वाले स्कूलों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निर्माण विभागों के लंबित भूमि विवाद एवं आवंटन संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीईओ को नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, विभाग प्रमुखों को बिजली बिलों का समय पर भुगतान करने तथा एसडीएम को पीएम किसान सम्मान निधि के हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए कहा।
००
कुपोषित बच्चों को समुचित देखरेख की जाए सुनिश्चित
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान एएनसी पंजीयन, मातृ मृत्यु दर, गंभीर एनीमिया, सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं आयुष्मान कार्ड की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया जाए तथा उनकी समुचित देखरेख सुनिश्चित की जाए।
००
लंबित शिकायतों की संबंधित अधिकारी स्वयं करें समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि 100 एवं 500 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की संबंधित अधिकारी स्वयं समीक्षा करें। जिन शिकायतों का निराकरण हो चुका है उन्हें नियमानुसार पोर्टल पर बंद कराने की कार्रवाई करें तथा शेष शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें। सभी विभाग प्रमुखों को उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों के जवाब निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
००००००००००००
