भिण्ड: मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में सांप के बच्चे के साथ क्रूरता करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में वन विभाग ने भीम आर्मी के चंबल संभाग संयोजक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।वन विभाग सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में देशराज धारिया, गोविंद सिंह और भयंकर सिंह शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद मेहगांव जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सांप के बच्चे को घायल कर उसे उल्टा लटकाकर तमाशा बनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए देशराज धारिया को फूप कस्बे के समीप से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों गोविंद सिंह और भयंकर सिंह के नाम बताए, जिसके बाद दोनों को भी हिरासत में ले लिया गया।भिण्ड की फॉरेस्ट रेंजर कृतिका शुक्ला ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी। पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की जानकारी मिलने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
