
सिंगरौली । चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का आज सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने जयंत सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्रतधारी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने व्रतधारी बहनों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि छठी मैया और सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्य का प्रकाश फैले, यही उनकी कामना है। उन्होंने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह की सराहना करते हुए सभी को सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। सूर्योपासना और लोक आस्था से जुड़े इस महापर्व के समापन पर छठ घाटों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
