फूल से लेकर धूल तक की खरीदी-बिक्री का अनूठा बाजार है नीमच की औषधि मंडी देशभर के किसानों की पहली पसंद बना नीमच, रोजाना 50 से 60 प्रकार की जड़ी-बूटियों का कारोबार; कोलकाता से राजस्थान और देवास तक के किसान ला रहे औषधीय उपज

नीमच। आमतौर पर खेतों में पैदा होने वाली फसलों में अनाज, दलहन और तिलहन का बाजार तो हर जगह देखने को मिल जाता है, लेकिन नीमच की मंडी की खासियत कुछ अलग ही है। यहां फूल से लेकर धूल तक का कारोबार होता है। लहसुन की सूखी कलियों से लेकर नींबू-संतरे के छिलके, जंगलों से एकत्रित किए गए बीज और तुलसी-नीम की पत्तियों तक को यहां खरीदार मिल जाते हैं। यही विशेषता नीमच को देशभर में औषधीय उपज के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में अलग पहचान दिला रही है। हालात यह हैं कि मध्यप्रदेश, राजस्थान ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के कोलकाता तक से किसान अपनी औषधीय उपज बेचने के लिए नीमच पहुंच रहे हैं।
नीमच मंडी में प्रतिदिन लगभग 50 से 60 प्रकार की जड़ी-बूटियों एवं औषधीय उत्पादों की आवक होती है। इनमें अश्वगंधा, चिरायता, अकरकरा, सफेद मूसली, शतावर, रोजल, चिया सीड, कुसुम बीज, पुनर्नवा और मालकांगनी जैसे उत्पाद प्रमुख हैं। इनके अलावा मेहंदी पत्ती, नीम एवं तुलसी की पत्तियां, सूखे नींबू, संतरे और अनार के छिलके तथा लहसुन की सूखी कलियों का भी नियमित कारोबार होता है। इस विविधता के कारण नीमच की औषधि मंडी उन किसानों के लिए बड़ा सहारा बन गई है, जिन्हें अपनी विशिष्ट उपज के लिए दूसरी मंडियों में खरीदार तलाशना मुश्किल होता है।

अश्वगंधा 27 हजार तो देसी अकरकरा 28 हजार रुपये क्विंटल तक बिकी
औषधीय उपज के आकर्षक भाव भी किसानों का भरोसा बढ़ा रहे हैं। हाल ही में देवास जिले के रहमानपुरा से आए किसान निर्मल सैनी की अश्वगंधा 19 हजार रुपये प्रति क्विंटल बिकी, जबकि झालावाड़ के किसान की अश्वगंधा को 27 हजार 100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिला। मनासा क्षेत्र के किसान महेश पाटीदार की देसी अकरकरा 28 हजार रुपये प्रति क्विंटल बिकी। वहीं, कोलकाता से पहली बार अपनी उपज लेकर पहुंचे प्रहलाद मंडल की ईरानी अकरकरा 26 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिकी।
इसी तरह मोड़ी के किसान शिवलाल की रोजल का सूखा माल 22 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिका। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली औषधीय उपज के इन भावों से स्पष्ट है कि नीमच मंडी में विशिष्ट कृषि उत्पादों के लिए भी अच्छा बाजार उपलब्ध है।
जिन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं, उनका भी यहां है बाजार
नीमच की औषधि मंडी की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि यहां ऐसी वस्तुओं का भी कारोबार होता है, जिन्हें सामान्यत: अनुपयोगी समझकर फेंक दिया जाता है। नींबू, संतरे और अनार के सूखे छिलके, लहसुन की सूखी कलियां, तुलसी एवं नीम की पत्तियां और जंगलों से एकत्रित किए गए मालकांगनी के बीज भी यहां बिकते हैं।
इंदौर से आए किसान को सूखे नींबू के छिलकों का 6 हजार 400 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिला। वहीं प्रतापगढ़ से लाई गई मेहंदी पत्ती 6 से 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी। इस तरह मंडी में केवल परंपरागत औषधीय फसलों का ही नहीं, बल्कि ऐसी उपज का भी व्यापार होता है, जिसकी उपयोगिता और बाजार के बारे में सामान्य किसान को कम जानकारी होती है।
कोलकाता से झालावाड़ तक के किसानों का भरोसा
नीमच की औषधि मंडी की लोकप्रियता अब क्षेत्रीय सीमाओं से आगे बढक़र देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच गई है। देवास, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर सहित राजस्थान के अनेक क्षेत्रों के किसान यहां अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं। कोलकाता से किसान का अकरकरा लेकर नीमच पहुंचना इस मंडी की व्यापक पहचान को दर्शाता है।
किसानों का कहना है कि कई औषधीय फसलों के लिए आसपास की मंडियों में नियमित खरीदार उपलब्ध नहीं होते, जबकि नीमच में अलग-अलग प्रकार की जड़ी-बूटियों के लिए व्यापारियों का बाजार मौजूद है। यहां उपज की विविधता के अनुरूप खरीदार मिलने से किसानों को अपनी फसल बेचने का अवसर मिलता है। मंडी में व्यापारियों का सहयोग और अलग-अलग उत्पादों की खरीदी-बिक्री की व्यवस्था भी बाहर से आने वाले किसानों को आकर्षित करती है।
विशिष्ट उपज को बाजार देना ही नीमच की सबसे बड़ी पहचान
दरअसल, नीमच की औषधि मंडी की पहचान केवल बड़े कारोबार या ऊंचे भाव तक सीमित नहीं है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसने परंपरागत खेती से अलग औषधीय फसलों और वन उत्पादों को भी व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराया है। यहां किसान अपनी उपज लेकर आते हैं तो उन्हें ऐसे खरीदार मिलते हैं, जो सामान्य मंडियों में आसानी से उपलब्ध नहीं होते।
लहसुन की सूखी कली हो या नींबू का छिलका, जंगलों का बीज हो या औषधीय पौधों की पत्तियां, हर उत्पाद की अपनी बाजार उपयोगिता है। यही वजह है कि नीमच की औषधि मंडी किसानों के लिए उम्मीद का केंद्र बनती जा रही है। देशभर से किसानों की बढ़ती आवक और औषधीय उत्पादों की व्यापक विविधता ने नीमच को इस कारोबार में विशिष्ट पहचान दिलाई है।

.....

Next Post

नीमच विधानसभा में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई पहचान, 10.78 करोड़ से 9 स्कूलों का होगा कायाकल्प विधायक दिलीपसिंह परिहार के प्रयासों से मिली बड़ी स्वीकृति

Mon Nov 16 , 2026
नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9 हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूलों के विकास कार्यों […]

You May Like