जीवाजी विश्वविद्यालय का 62वां दीक्षांत समारोह: विद्यार्थी अर्जित ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें – राज्यपाल मंगुभाई पटेल

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय का 62वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में गरिमामय वातावरण में हुआ। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की, जबकि मुख्य अतिथि राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह रहे। समारोह में 57 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जबकि कुल 384 विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक उपाधियां से सम्मानित किया गया। इनमें 224 शोधार्थियों को पीएचडी, 134 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर तथा 26 विद्यार्थियों को स्नातक की उपाधियां प्रदान की गईं।
शिक्षा का व्यावहारिक उद्देश्य

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और जीवन की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी हो, जो रोजगार और जीवन की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में विद्यार्थियों का कर्म, चरित्र, प्रतिभा और नैतिक दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मशीनें कार्य को सरल और तेज बना सकती हैं, परंतु मानवीय संवेदना, विवेक और नैतिकता का स्थान नहीं ले सकतीं।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की स्थापना में योगदान देने वाले तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा विश्वविद्यालय को भूमि एवं अनुदान प्रदान करने वाले स्वर्गीय जीवाजीराव सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षा और मानवता का संदेश मुख्य अतिथि डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा का उपयोग समाज के समावेशी विकास के लिए करना चाहिए। जीवन में किसी भी क्षेत्र या व्यवसाय का चयन करने पर भी नैतिकता और मानवता को सर्वोपरि प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक शक्ति प्रदान करती है, किंतु उसका सदुपयोग करने का विवेक शिक्षा और संस्कारों से प्राप्त होता है।

दीक्षांत भाषण देते हुए सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी ने कहा कि चरित्र ही व्यक्ति की सबसे बड़ी उपाधि है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, संविधान के मूल्यों, राष्ट्र निर्माण और स्वाध्याय को जीवन का अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, उसके दास नहीं।
रोजगारपरक शिक्षा की पहल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के सदुपयोग तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाने की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय साइबर सिक्योरिटी, पुलिस प्रशिक्षण सहित अनेक रोजगारपरक पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
विशेष सम्मान

प्रावीण्यता सूची में उत्कृष्ट स्थान और सर्वांगीण दक्षता के लिए सुश्री श्रेया सेन को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुश्री कामिनी दीक्षित को जीवाजी विश्वविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
कला संकाय की रजनी रामपुरे ने स्नातकोत्तर स्वर्ण पदक एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों सहित कुल चार स्वर्ण पदक प्राप्त किए।
कला संकाय की शिवानी पाल को तीन प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

समारोह के प्रमुख आकर्षण समारोह का शुभारंभ पारंपरिक शोभायात्रा के साथ हुआ। राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। समारोह का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के सदस्यों एवं आचार्यगण के साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाया। समारोह में सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी, भारत सरकार के पूर्व उच्चायुक्त प्रो. आई.एस. चौहान, कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत तथा कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा मंचासीन रहे।

.....

Next Post

झाबुआ में पांच हजार लोगों ने बनाई पानी की बूंद, आधा गिलास जल अभियान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

Mon Nov 16 , 2026
झाबुआ. झाबुआ में सोमवार को पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर पानी की बूंद की आकृति बनाई। आधा गिलास जल और सुरक्षित कल अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इस दौरान लोगों ने […]

You May Like