बिहार पवेलियन में दिखी विरासत और विकास की झलक, बिहार संग्रहालय की कलाकृतियों और बज्जिका कला के लाइव प्रदर्शन ने खींचा ध्यान

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में बिहार पवेलियन में विरासत और विकास की झलक देखने को मिली और बज्जिका कला के लाइव प्रदर्शन ने लोगों को ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और यहां स्थित बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने रविवार को बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और कारीगरों से बात की और उनके हुनर की सराहना की।

श्री कुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “पिछले वर्षों की तरह ही इस साल भी बिहार ने आईआईटीएफ में साझेदार के तौर पर हिस्सा लिया है। आज मैंने और श्री मनोज जी ने बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया है। हम इस बात से बहुत खुश हैं। हमने अपना पवेलियन लगाने के लिए एक बड़ी जगह ली है और यह पूरे बिहार की एक झलक दिखाता है। यहां पर हमारी कला, शिल्प और संस्कृति की सभी खासियतों को दर्शाया गया है।”

उन्होंने बताया कि लोगों को जानकारी होगी कि गत दिनों जर्मनी की ट्रैवल गाइड ‘वर्थ अ जर्नी’ द्वारा जारी वर्ष 2026 की दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में बिहार संग्रहालय को नौवां स्थान मिला है। इस वजह से इस बार यहां पर संग्रहालय की कलाकृतियों को विशेष रूप से जगह दी गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी नीतियों और सुविधाओं पर काम कर रही है, जिनसे निवेशकों और उद्यमियों को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और उद्यमियों से बिहार पवेलियन आने और राज्य में उपलब्ध संभावनाओं को समझने की अपील की।

वहीं, श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक संभावनाओं को व्यापक मंच प्रदान करते हैं। राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और औद्योगिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। बिहार पवेलियन के जरिए इन सभी पहलुओं को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। इससे स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को नए दर्शक और बाजार मिलेंगे, वहीं निवेशकों को भी बिहार में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलेगी।

इस मौके पर यहां स्थित बिहार भवन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) कुमार दिग्विजय और सहायक स्थानिक आयुक्त शम्स अफरोज़ भी मौजूद रहे। इस बार बिहार पवेलियन राज्य की गौरवशाली विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है। बिहार ने यहां पर अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक उपलब्धियों को एक ही मंच पर सजाया है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में बना बिहार पवेलियन इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप तैयार किया गया है। पवेलियन का मुख्य प्रवेश द्वार बिहार की ऐतिहासिक पहचान के प्रतीक सभ्यता द्वार की तर्ज पर बनाया गया है। इसके जरिए राज्य की प्राचीन सभ्यता, समृद्ध परंपराओं और विकास की यात्रा को दर्शाया गया है। अंदर प्रवेश करते ही बिहार की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और आधुनिक औद्योगिक संभावनाओं की झलक देखने को मिलती है।

बिहार पवेलियन में बिहार संग्रहालय को भी खास अंदाज में प्रदर्शित किया गया है। यहां संग्राहलय में संरक्षित ऐतिहासिक कलाकृतियों की प्रतिकृतियां रखी गयी हैं, जो आगंतुकों को बिहार के गौरवशाली अतीत और कला-संस्कृति से परिचित करा रही हैं। इन प्रतिकृतियों के माध्यम से लोग बिहार की ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखने का अवसर पा रहे हैं। इससे पवेलियन में आने वाले लोगों को राज्य के पर्यटन और सांस्कृतिक वैभव की एक अलग झलक मिल रही है।

पवेलियन में बिहार की बज्जिका आर्ट का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां कलाकार कंचन प्रकाश खुद इस पारंपरिक कला को बनाकर दिखा रही हैं। वह आगंतुकों को बज्जिका आर्ट की बारीकियों, इसकी विशेषताओं और इससे जुड़ी कला परंपरा के बारे में भी जानकारी दे रही हैं। लाइव आर्ट प्रदर्शन के कारण लोग इस स्टॉल पर रुककर कला को करीब से देख रहे हैं और कलाकार से इसके बारे में सवाल भी पूछ रहे हैं। आगंतुकों की ओर से इस पहल को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इससे बिहार की स्थानीय कलाओं और कलाकारों को नई पहचान दिलाने का अवसर भी मिल रहा है।
इस बार बिहार पवेलियन में बिक्री सह प्रदर्शनी के लिए कुल 61 स्टॉल लगाए गये हैं। इनमें राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, कला एवं शिल्पकला के साथ उद्योग और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को जगह दी गई है। यहां आने वाले लोग बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों को करीब से देख और खरीद सकते हैं। वहीं, उद्योग जगत से जुड़े लोगों और निवेशकों के लिए राज्य में उपलब्ध कारोबारी संभावनाओं को समझने का अवसर भी है।

.....

Next Post

सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत

Mon Nov 16 , 2026
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत ग्राम खेरी के पास आज सुबह एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपनी रिश्तेदारी में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम रेंगवा निवासी भीकम […]

You May Like