भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आई आपत्तियों को लेकर सोमवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में टीएनसीपी की ओर से सुनवाई आयोजित की गई। सुनवाई के लिए करीब 1600 आपत्तिकर्ताओं को बुलाया गया था, लेकिन मौके पर लगभग 100 लोग ही पहुंचे। इस दौरान सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, रिटायर्ड IAS कवीन्द्र कियावत सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुनवाई में बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र को सुरक्षित रखने और ग्रामीण इलाकों के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठा। रिटायर्ड IAS कवीन्द्र कियावत ने तालाब के कैचमेंट को बचाने के लिए निर्माण और सड़क से जुड़े प्रस्तावों पर आपत्ति जताई। उन्होंने करीब 36 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने का सुझाव दिया और इसके लिए नासिक में शहर के अंदर बने 17 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उदाहरण दिया।
वहीं, विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस सुझाव पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों के विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले 400 वर्षों से ग्रामीण यहां रह रहे हैं और अब उनके विकास का रास्ता खुल रहा है, तो उन्हें इस लाभ से वंचित क्यों किया जाए।
गौरतलब है कि भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर 13 हजार 400 से अधिक दावे-आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें 4 हजार से ज्यादा आपत्तियां आवासीय क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियों के प्रस्ताव के खिलाफ हैं, जबकि 6 हजार से अधिक आपत्तियां बड़े तालाब सहित अन्य जल स्रोतों के कैचमेंट को लेकर हैं। अब इन आपत्तियों पर सुनवाई के बाद मास्टर प्लान के अंतिम स्वरूप को लेकर फैसला अहम होगा।
