वार्ड-1: सीमा विवाद में फंसी सफाई, दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों के रहवासी परेशान

विजय शर्मा

भोपाल। नगर निगम के जोन-1 के वार्ड क्रमांक-1 में लगभग 20 बस्तियां और कॉलोनियां है, जिसमें से 10 बस्तियां स्लम एरिया की हैं. जिनमें सफाई व्यवस्था को लेकर रहवासियों में नाराजगी है. कहीं नालियां कचरे से भरी हैं तो कहीं नियमित झाड़ू नहीं लगती. कुछ इलाकों में लोगों को गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत है. गांधी नगर के सेक्टर-5 में स्ट्रीट लाइट बंद रहने और नालियों की सफाई समय पर नहीं होने की समस्या भी बनी हुई है. सबसे दिलचस्प स्थिति उन कॉलोनियों की है, जो एक ही सडक़ के दोनों ओर दो अलग-अलग वार्डों में बंटी हैं. यहां सफाई की जिम्मेदारी को लेकर निगम के कर्मचारी एक-दूसरे के वार्ड का क्षेत्र बताकर काम अधूरा छोड़ देते हैं. रहवासियों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय तो दिखाई देते हैं, लेकिन इसके बाद समस्याओं की सुध लेने नहीं पहुंचते. गंदगी और जलभराव जैसी स्थितियों से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है. अधिकतर बस्तियों में सडक़ें खस्ता हाल हैं. जिनका रखरखाव ना होने से कहीं गड्ढे तो कहीं उखड़ रही हैं.
-गंदे पानी और नालियों की सफाई की समस्या
शिवाजी वार्ड में रहवासियों को गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत है. लोगों का कहना है कि पानी इस्तेमाल करने से पहले उसे छानना पड़ता है. वहीं नालियों की नियमित सफाई नहीं होती. आरोप है कि सफाई कर्मचारी महीने में एक बार ही दिखाई देते हैं. इस कारण नालियों में कचरा जमा रहता है और आसपास गंदगी फैलती है.
-एक कॉलोनी, दो वार्ड और सफाई का बंटवारा
टैगोर वार्ड के कुछ हिस्सों में कचरा उठाने और सफाई की व्यवस्था संतोषजनक बताई गई है, लेकिन सडक़ों की सफाई को लेकर गंभीर शिकायतें हैं. एक ही कॉलोनी दो वार्डों में बंटी होने के कारण सडक़ का आधा हिस्सा एक वार्ड और आधा दूसरे वार्ड के अंतर्गत आता है. रहवासियों का कहना है कि कर्मचारी दूसरे वार्ड का क्षेत्र बताकर सफाई नहीं करते. कभी सफाई होती भी है तो आधी सडक़ साफ करके अमला लौट जाता है. कुछ हिस्सों में लंबे समय से सफाई नहीं होने की शिकायत है. वहीं इस वार्ड में सडक़ों स्थिति भी खराब है जगह जगह उखड़ी हुई हैँ. कहीं गड्ढे भी हो गए हैं. जिनको बनवाया नहीं गया है.
-शिकायत के बाद होती है नालियों की सफाई
गांधी नगर के सेक्टर-5 में नालियां कचरे से भरी रहती हैं. मोहल्ले में नियमित झाड़ू नहीं लगती और कई स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद हैं. रहवासियों के अनुसार, नालियों की सफाई के लिए बार-बार शिकायत करनी पड़ती है. इसके बाद ही निगम का अमला मौके पर पहुंचता है. यहां भी दो वार्डों की सीमा से जुड़ी सडक़ के कारण सफाई प्रभावित हो रही है.
-सफाई होती है, लेकिन कचरा नहीं उठता
अर्जुन वार्ड में सफाई होने के बावजूद कचरा समय पर नहीं उठाए जाने की शिकायत है. इससे सडक़ और आसपास के इलाकों में गंदगी जमा रहती है. रहवासियों ने यहां भी गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या बताई है. वहीं निगम की मुद्रा लोन योजना का लाभ पात्र लोगों को बराबर मिल रहा है. कुछ लोग एक बार जमा करने के बाद दौबारा भी ले चुके हैं. जिससे उनका व्यवसाय अच्छा चल रहा है.
-शिवाजी वार्ड
पानी गंदा आने की शिकायत.
इस्तेमाल से पहले पानी छानने की मजबूरी.
महीने में एक बार सफाई होने का आरोप.
नालियां कचरे से भरी रहती हैं.
-टैगोर वार्ड
एक कॉलोनी दो वार्डों में विभाजित.
सडक़ की आधी सफाई करके लौटता है अमला.
वार्ड सीमा के कारण जिम्मेदारी तय नहीं.
कुछ हिस्सों में लंबे समय से सफाई नहीं.
-गांधी नगर सेक्टर-5
नालियों में जमा है कचरा.
नियमित झाड़ू नहीं लगती.
अधिकतर स्ट्रीट लाइट बंद रहने की शिकायत.
शिकायत के बाद ही होती है सफाई.
-अर्जुन वार्ड
सफाई के बाद भी कचरा नहीं उठता.
गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत.
मुद्रा लोन योजना का लाभ पात्र लोगों को मिल रहा है.
हमारे यहां सफाई नहीं होती। सडक़ दो वार्डों की सीमा में आती है। दोनों वार्डों के कर्मचारी एक-दूसरे का क्षेत्र बताकर सफाई की जिम्मेदारी से बचते हैं।
विनोद वासवानी, टैगोर वार्ड
एक ही सडक़ दो वार्डों में बंटी होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित है। हमारी कॉलोनी के कुछ हिस्सों में कभी सफाई नहीं हुई।
अभिषेक योगी, टैगोर वार्ड
एक ही कॉलोनी दो वार्डों में बंटी है. कर्मचारी आधी सडक़ साफ करके चले जाते हैं. बाकी हिस्से की सफाई दूसरे वार्ड की जिम्मेदारी बताई जाती है.
सतीश भरदेले, टैगोर वार्ड
नालियों की समय पर सफाई नहीं होती. वे कचरे से भरी रहती हैं. मोहल्ले में झाड़ू नहीं लगती और शिकायत करने पर ही सफाई होती है.
मुश्ताक खान, सेक्टर-5, गांधी नगर
मोहल्ले में गंदगी बनी रहती है. घर के बाहर खुद सफाई करनी पड़ती है. नालियों में कचरा जमा होने से मच्छरों और बीमारियों का खतरा है.
खेरुन्निशा, सेक्टर-5, गांधी नगर
हमारे यहां कचरा नियमित उठाया जाता है और सफाई भी अच्छी होती है. फिलहाल क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर कोई परेशानी नहीं है.
दीपक राजपूत, टैगोर वार्ड
वार्ड में कुछ मकानों के सामने अच्छी सफाई होती है, लेकिन कई जगह कचरा जमा पड़ा रहता है. पूरे क्षेत्र में एक जैसी सफाई व्यवस्था नहीं है.
तेजुमल, अर्जुन वार्ड
मोहल्ले में झाड़ू तो लगाई जाती है, लेकिन कचरा नहीं उठाया जाता. हालांकि मुझे नगर निगम की मुद्रा लोन योजना का लाभ मिला है.
नरेंद्र, अर्जुन वार्ड
हमारे यहां गंदा पानी आता है, जिसे बिना छाने इस्तेमाल नहीं कर सकते। नालियां कचरे से भरी हैं और सफाई कर्मचारी महीने में एक बार आते हैं।
राज चौधरी, शिवाजी वार्ड
-विकास के अभाव में जी रहे हैं वार्ड वासी
वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है. जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं. पिछले साढ़े चार साल में पार्षद ने वार्ड में कोई खास काम नहीं कराया. कई मोहल्लों और बस्तियों में तो पार्षद जीतने के बाद आज तक पहुंचे भी नहीं हैं. लोगों की समस्याओं पर भी ध्यान नहीं दिया जाता. सफाई और विकास के अभाव में रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
राजू मीना, पूर्व पार्षद वार्ड 1

Next Post

वरिष्ठ भाजपा नेता अशरफी लाल गुप्ता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Mon Nov 16 , 2026
सिंगरौली। वार्ड क्रमांक 39, वैढ़न के वरिष्ठ भाजपा नेता अशरफी लाल गुप्ता का नेहरू चिकित्सालय में उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। श्री गुप्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में क्षेत्र में अपनी पहचान रखते थे। […]

You May Like