नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में व्यापक चुनावी प्रचार अभियान शुरू करेगी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रैलियां और पदयात्राएं करेंगे। साथ ही लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की भी चुनाव प्रचार में अहम भूमिका रहेगी।
सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा (मोना), और सांसद इमरान मसूद समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तय किया गया कि दिसंबर के पहले सप्ताह से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का चुनावी अभियान पूरी गति से शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी के बड़े नेता प्रदेश में रैलियां और पदयात्राएं करेंगे। महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रचार अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि दिसंबर में शुरू होने वाले चुनावी अभियान को लेकर चर्चा हुई है। वहीं, इंडिया गठबंधन की बैठक राजधानी में आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के साथ प्रदेश में चुनावी अभियान को लेकर बैठक हुई है। दिसंबर के पहले सप्ताह से कांग्रेस अपना व्यापक प्रचार अभियान शुरू करेगी। शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि अभियान के तहत कौन-कौन से नेता कहां और किस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव प्रचार शुरू होगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता रैलियां और यात्राएं करेंगे। उन्होंने कहा कि आज की बैठक संगठनात्मक थी। इंडिया गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण सभी दलों का मिलकर चुनाव जीतना है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने की रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा और उसे पहले के मुकाबले अधिक सीटें मिल सकती हैं। हालाँकि गठबंधन में अभी सीटों पर सस्पेंशन बरकरार है।

