ग्वालियर। ग्वालियर के पॉश इलाके सिटी सेंटर में स्थित होटल सयाजी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग होटल की किचन में लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और बड़ी मुश्किल से आग बुझाई।दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी की बौछार की। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।पहले सेंट्रल पार्क के नाम से पहचाने जाने वाले इस होटल का कुछ महीने पहले ही प्रबंधन बदला है। शहर के प्रमुख होटलों में शामिल सयाजी में कई बड़ी हस्तियां ठहर चुकी हैं।वर्ष 2010 में भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी इस होटल में ठहरे थे। इसके अलावा मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) की फ्रेंचाइजी टीमें भी हर साल यहां रुकती हैं। वर्तमान में बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी के मुकाबले ग्वालियर में खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट से जुड़े पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के भी होटल में ठहरने की जानकारी सामने आई है।
