
सीधी। जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को पूरा जिला जनजातीय गौरव के रंग में सराबोर रहा। जिलेभर में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में आयोजित हुआ। समारोह में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम अध्यक्ष तथा जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंका बैगा सहित जनजातीय समाज के अन्य वीर सपूतों को नमन किया। सांसद डॉ.मिश्रा ने भगवान बिरसा मुंडा को आदिवासी स्वाभिमान, संघर्ष और संगठन का महान प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवनकाल में जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन हमें अपनी पहचान, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी दिलाने का अवसर है। जनजातीय समाज की समृद्ध पारंपरिक कला, संस्कृति, लोकजीवन और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बिरसा मुंडा के आदर्श और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रासंगिक: कुंवर
विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श स्वाभिमान, समानता, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से जोडऩे तथा युवाओं से नशे और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
उक्त कार्यक्रम में जिपं सदस्य हीराबाई सिंह, जनपद अध्यक्ष श्यामबती सिंह, जनपद सदस्य जमुनी देवी, सरपंच मकरंद सिंह उइके, चेतना अनिल सिंह, रामबाई सिंह, फूलबाई राय सिंह, पूर्व सहायक आयुक्त पीके पांडेय, प्राचार्य रामपाल सिंह, राजकुमार सिंह, बृजेश कुमार पनिका, सुजीत कुमार सिंह, मनोज मिश्रा, केएन मिश्रा, मंडल संयोजक सजन सिंह, सचिव मोतीलाल गुप्ता, केपी सिंह, धनराज सिंह, बंशबहादुर सिंह, हर्षनारायण सिंह, रामभद्र शुक्ला, सीता सिंह, सहायक सचिव शिवप्रसाद यादव, शिवमूरत द्विवेदी, चिंतामणि सिंह, रामबहादुर सिंह, अधीक्षक राममिलन प्रजापति, एसडीओ एसपी साकेत, थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी, पोंड़ी जेएन श्रीवास्तव सहित हजारों की संख्या मे लोग उपस्थित थे
००००००००००००००
