मनीला, 15 नवंबर (वार्ता) दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का 49वां शिखर सम्मेलन और इससे जुड़े अन्य सम्मेलन रविवार को मनीला में शुरू हो गए। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड “बोंगबोंग” मार्कोस जूनियर ने तीन दिवसीय इस आयोजन के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की।
स्थानीय मीडिया के अनुसार फिलीपींस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए 2026 के आसियान अध्यक्ष श्री मार्कोस ने क्षेत्रीय एकता और साझा जिम्मेदारी का आह्वान किया। उन्होंने आसियान को “साझा उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने वाले विभिन्न राष्ट्रों का समूह बताया, जिनमें से प्रत्येक अपनी जिम्मेदारी साझा करता है और समग्र मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करता है।”
श्री मार्कोस ने 2026 में फिलीपींस की अध्यक्षता के तहत समूह की तीन मुख्य प्राथमिकताओं शांति और सुरक्षा के आधार, समृद्धि गलियारे और जन सशक्तिकरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्राथमिकताओं के अंतर्गत आसियान ने समुद्री सहयोग को मजबूत करने तथा मानव तस्करी, साइबर अपराध, ऑनलाइन घोटालों और अन्य अंतरराष्ट्रीय खतरों से निपटने के लिए काम किया है।
राष्ट्रपति मार्कोस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहयोग को आगे बढ़ाने, आपदा तैयारियों और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने, युवाओं में डिजिटल लचीलापन बढ़ाने और ‘सिल्वर इकोनॉमी’ (वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी अर्थव्यवस्था) पर सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, “आज 11 राष्ट्र एक साथ आए हैं। हम आकार, इतिहास, संस्कृति और परिस्थितियों में भिन्न हो सकते हैं, लेकिन हम बराबरी के स्तर पर आए हैं और अपने लोगों की उम्मीदों को एक साझा उद्देश्य में बदलने की सामूहिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।”
श्री मार्कोस ने ‘सेबू प्रोटोकॉल’ का भी जिक्र किया। यह 2007 में हस्ताक्षरित होने के बाद से आसियान चार्टर में पहला संशोधन है। उन्होंने इसे क्षेत्र की यात्रा में एक और मील का पत्थर बताया, जो आसियान के भविष्य को आकार देने में 11 सदस्य देशों की भागीदारी को दर्शाता है।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित प्रमुख नेताओं में ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्किया, कंबोडिया के उप प्रधानमंत्री हांग चुओन नारोन, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, लाओस के प्रधानमंत्री सलीमक्साय कोमासिथ, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल, तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री के राला जानाना गुसमाओ, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग शामिल थे।
श्री मार्कोस के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 से 17 नवंबर, 2026 तक फिलीपींस के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री 17 नवंबर, 2026 को 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में फिलीपींस द्वारा आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में भाग लेंगे।भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, जिसमें आसियान-भारत कार्ययोजना 2026-2030 भी शामिल है। साथ ही, सहयोग की भावी दिशा निर्धारित की जाएगी। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में आसियान और अन्य सहभागी देशों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्त्व के मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।
समारोह के दौरान श्री मार्कोस ने आसियान के महासचिव डॉ. काओ किम होर्न को नवीनतम आसियान ध्वज और उससे संबंधित प्रमाण पत्र भी भेंट किया। यह बदलाव आसियान में तिमोर-लेस्ते के एकीकरण का प्रतीक है, जो 26 अक्टूबर, 2025 को 47वें आसियान शिखर सम्मेलन में समूह का 11वां सदस्य देश बना था।
15 से 17 नवंबर तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन में आसियान सदस्य देशों और उनके संवाद भागीदारों के नेता क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर चर्चा करने तथा राजनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों के बीच समूह की भावी दिशा तय करने के लिए एकत्र हुए हैं।

