इंदौर:भागीरथपुरा में 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी घटना के बाद से फरार था, पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.क्राइम ब्रांच ने 12 नवंबर को जीवीएस मोटर, एमआर 4 रोड भागीरथपुरा के पास से मोहित उर्फ लल्लू झंवर उम्र 32 साल को 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था. जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब एक लाख 70 हजार रुपए बताई गई थी.
मोहित से पूछताछ और जांच के दौरान एरोड्रम रोड पर रहने वाले रोशन डामोर उम्र 23 साल की भूमिका सामने आई. वह घटना के बाद से फरार था. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया. रोशन के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें अवैध शराब, मारपीट, अड़ीबाजी और मादक पदार्थ से जुड़ा मामला शामिल है, वह नौवीं तक पढ़ा है और मजदूरी व बेलदारी करता है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार सह आरोपी को गिरफ्तार किया है. उससे सप्लाई चेन, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है, मामले में आगे की जांच जारी है.
