जबलपुर । लंबे समय से बिजली बिल दबाकर बैठे बड़े बकायादारों और बिजली चोरों के खिलाफ बिजली कंपनी ने पूरे शहर में सख्त कार्रवाई की। 6 महीने या उससे अधिक समय से बिल जमा न करने वाले और भारी-भरकम पंचनामा राशि वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान में करीब 1.5 करोड़ रुपये के बकाया पर सैकड़ों कनेक्शन खंभों से काट दिए गए। विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर यह रहा कि उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 76.29 लाख रुपये का बकाया जमा कराया।
जानकारी के मुताबिक अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के नेतृत्व में शहर के सभी कार्यपालन यंत्रियों, सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं की टीमों ने सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया था। संभागवार हुई प्रमुख कार्यवाहियों पर नजर दौड़ाई जाए तो शहर संभाग उत्तर में 136 कनेक्शन कटे यहां अधारताल, अमखेरा, महाराजपुर, रांझी, बड़ा पत्थर, खम्हरिया, पिपरिया, बापू नगर और मानेगांव क्षेत्रों में बड़े बकायादारों पर कार्रवाई की गई। शहर संभाग पूर्व में 121 कनेक्शन कटे यहां फूटाताल, चांदनी चौक, प्रेम सागर, बहोराबाग, पसियाना, द्वारका नगर, इंदिरा मार्केट और सदर कटंगा के बकायादारों की लाइन काटी गई। शहर संभाग पश्चिम में 63 कनेक्शन कटे यहां हाथीताल, गोरखपुर, राइट टाउन, उजारपुरवा, महानद्दा और गाजी नगर में बकाया वसूली के लिए कनेक्शन विच्छेद किए गए। शहर संभाग दक्षिण में वैशाली परिसर पॉलीपाथर, गुजराती कॉलोनी पुरवा, बिलहरी मेन रोड और गढ़ा में भारी बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसा गया। इसके अलावा शहर संभाग विजय नगर अंतर्गत अस्थायी कनेक्शनों की जांच की गई।। इस दौरान कई बड़े मकानों में भी बिजली उपयोग में भारी अनियमितताएं पकड़ी गईं। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 51 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए हैं।
ककरैया तलैया में हंगामा, महिला कर्मियों को बुलाकर उखाड़ा मीटर
कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर टीम को विरोध और बेवजह हंगामे का सामना भी करना पड़ा। सबसे अधिक विवाद ककरैया तलैया क्षेत्र में देखने को मिला। यहां उपभोक्ता बलवीर कौर के परिसर जहां उज्जवल सिंह अधिवक्ता का बोर्ड लगा है पर 46,000 रुपये का बिल बकाया था। इस परिसर में चार परिवार निवास करते हैं और पिछले एक साल से अधिक समय से बिल जमा नहीं किया गया था। इतना ही नहीं, यहां सालों से मीटर रीडर को रीडिंग लेने से भी रोका जा रहा था। जब अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा और कार्यपालन यंत्री आशुतोष ओझा टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो घर की महिलाओं को आगे कर विवाद करने और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की गई। स्थिति को भांपते हुए अधिकारियों ने तत्काल बिजली कंपनी की महिला कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद टीम ने न केवल परिसर की सर्विस लाइन काटी, बल्कि मीटर भी उखाड़ कर जब्त कर लिया।
इनका कहना है
पूरे नवंबर माह में बड़े बकायादारों और लंबे समय से बिल न भरने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं ने अब भी बकाया राशि जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आवश्यकता पडऩे पर डीआरए के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संजय अरोरा, अधीक्षण अभियंता, जबलपुर
