नगर निगम के नाम पर चल रहे 401 अनावश्यक बिजली कनेक्शन कटे

सतना : शहर में बिजली विभाग और नगर निगम के बीच चल रहे बिजली बिलों के खेल में एक बड़े घालमेल का खुलासा हुआ है. नगर निगम के नाम पर दर्ज कुल 861 बिजली कनेक्शनों की जांच में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. जांच में पाया गया है कि इनमें से 401 कनेक्शन या तो पूरी तरह फर्जी हैं या अनावश्यक रूप से चल रहे थे. जिनका बिल नगर निगम के खाते से जा रहा था.

संयुक्त सर्वे में खुला राज, कई कनेक्शनों का पता तक नहीं

नगर निगम कमिश्नर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर निगम के विद्युत विभाग और मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की संयुक्त टीम ने शहर भर में सर्वेक्षण (जॉइंट सर्वे) किया. जांच के दौरान स्ट्रीट लाइट, मोटर पंप, वाटर वर्क्स (जल प्रदाय) और विभिन्न कार्यालयीन कनेक्शनों का भौतिक सत्यापन किया गया. सर्वे में यह बात सामने आई कि कागजों पर दर्ज कई कनेक्शनों की मौके पर कोई लोकेशन या पता ही नहीं है. जबकि कई कनेक्शनों का उपयोग निगम के बजाय अन्य लोग अवैध रूप से कर रहे थे.
प्रशासन के संज्ञान में यह मामला आने के बाद चिन्हित किए गए सभी 401 कनेक्शनों को बिजली विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिया गया है. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन अनावश्यक और अवैध कनेक्शनों के कटने से निगम के भारी-भरकम बिजली बिल में बड़ी गिरावट आएगी और हर महीने करीब 1.5 करोड़ रुपये के राजस्व की सीधी बचत होगी.

बिजली कंपनी ने झाड़ा पल्ला, कनेक्शनों को ‘फर्जी’ मानने से इनकार

वही मामले के तूल पकड़ने के बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने इन कनेक्शनों को फर्जी मानने से साफ इनकार किया है. विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम कमिश्नर के साथ हुई बैठक में अनुपयोगी हो चुके कनेक्शनों को स्थायी रूप से बंद करने पर सहमति बनी थी. इसी क्रम में संयुक्त सर्वे के बाद नगर निगम के पत्र के आधार पर इन 401 कनेक्शनों (बिजली विभाग के रिकॉर्ड में कुल 862 में से) को काटा गया है.

बिजली कनेक्शन काटने पर 25 जगहों पर विवाद की स्थिति

नगर निगम के नाम पर चल रहे अनावश्यक कनेक्शनों को विच्छेदित करने की कार्रवाई के दौरान अब मैदानी स्तर पर विवाद की स्थिति बनने लगी है.बिजली विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार शहर में करीब 25 ऐसे स्थान हैं जहां कनेक्शन काटने को लेकर गतिरोध उत्पन्न हो रहा है.
दरअसल चिन्हित 25 जगहों पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइट और पेयजल आपूर्ति के लिए लगे मोटर पंपों के कनेक्शन संचालित हैं. ऐसे में बिजली विभाग की टीम को इन्हें काटने में व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इन कनेक्शनों के विच्छेदित होने से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल संकट और अंधेरा छाने की आशंका को देखते हुए स्थानीय स्तर पर विरोध और विवाद के हालात बन रहे हैं.

Next Post

सोनवारी टोल के पास दो बाइकों की भिड़ंत, चार घायल

Sun Nov 15 , 2026
मैहर : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवारी टोल प्लाजा के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग घायल हो गए.जिनमें से दो की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक […]

You May Like