इछावर। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ग्राम नींबूखेड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीर-कमान प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया.
राजस्व मंत्री वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, बलिदान और देश तथा समाज के लिए उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है. जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और विरासत को संरक्षित करना हम सभी का दायित्व है. भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें समाज की एकता, अधिकारों के प्रति जागरुकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम के दौरान तीर-कमान प्रतियोगिता के माध्यम से जनजातीय समाज की पारंपरिक खेल संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित किया गया. राजस्व मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं व गौरवशाली इतिहास से जोडऩे में भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम में तहसीलदार गजेन्द्र लोधी, जनपद पंचायत सीईओ रूशाली पोरस, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेन्द्र मेवाड़ा, सरपंच अखिलेश कर्मा, राजाराम सोलंकी, रेमसिंह भंडारी, पंकज परमार आदि उपस्थित थे.
महाविद्यालय में मनाया जनजातीय गौरव दिवस
चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया. प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में एनएसएस के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. तिमोथियस एक्का ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला. उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान और सामाजिक जागरूकता में बिरसा मुंडा की भूमिका को बताया.
