स्मार्ट सिटी की पार्किंग बदहाल, सड़कें बनीं वाहन स्टैंड

इंदौर: स्वच्छता में लगातार अव्वल रहने वाले इंदौर में पार्किंग की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है. शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है. हालात यह हैं कि बाजारों में आने वाले अधिकांश वाहन सड़क किनारे और फुटपाथ पर खड़े किए जा रहे हैं.
इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. हैरानी की बात यह है कि एक ओर शहर में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाएं ही बदहाल पड़ी हैं. नगर निगम और स्मार्ट सिटी के जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

लिफ्ट बंद, जनरेटर भी गायब
संजय सेतु स्थित पीपीपी मॉडल पर निर्मित टू-व्हीलर स्मार्ट पार्किंग की स्थिति सरकारी व्यवस्थाओं की अनदेखी की कहानी बयां कर रही है. यहां पार्किंग में वाहनों को ऊपर-नीचे पहुंचाने के लिए लगाई गई लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान लिफ्ट बंद हुई थी, जिसके बाद से इसे दोबारा चालू नहीं किया गया. इतना ही नहीं, यहां रखा गया जनरेटर भी अब मौके पर मौजूद नहीं है. पार्किंग परिसर में बना ऑपरेटर रूम भी गंदगी से भरा पड़ा है. जिस व्यवस्था का उद्देश्य बाजार में पार्किंग की समस्या को कम करना था, वही व्यवस्था अब खुद बदहाली का शिकार हो चुकी है.

पार्किंग की क्षमता का नहीं हो रहा उपयोग
लिफ्ट बंद होने का सीधा असर पार्किंग की क्षमता पर पड़ रहा है. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पार्किंग में वाहन फुल होने के बाद गाड़ियां व्यवस्थित तरीके से खड़ी करने में परेशानी आती है. यदि लिफ्ट चालू हो जाए तो अधिक वाहनों को पार्क किया जा सकेगा और आसपास के दुकानदार भी फुटपाथ एवं सड़क पर वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे. इससे बाजार में यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकती है.

दुकानदार बोले- लिफ्ट चालू हो तो सड़क और फुटपाथ पर नहीं लगेंगे वाहन
स्थानीय दुकानदार शेखर ने बताया कि पार्किंग की लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी है. इसके कारण पार्किंग में जगह भर जाने पर वाहन खड़े करने में परेशानी होती है. यदि लिफ्ट चालू कर दी जाए तो आसपास के दुकानदारों को भी इसका फायदा मिलेगा. वे अपने वाहन फुटपाथ या सड़क पर खड़े करने के बजाय पार्किंग में लगा सकेंगे. इससे वाहन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से खड़े होंगे तथा बाजार में भी अव्यवस्था कम होगी.

बाहर से आने वाले लोग भी हो रहे परेशान
पार्किंग की बदहाल व्यवस्था का खामियाजा शहर के बाहर से आने वाले लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है. सीहोर से आए रविंद्र ने बताया कि वे वाहन खड़ा करने के लिए काफी देर तक पार्किंग तलाशते रहे. संजय सेतु स्थित पार्किंग देखकर उन्हें उम्मीद हुई कि यहां जगह मिल जाएगी, क्योंकि दूर से ही पार्किंग की लिफ्ट दिखाई दे रही थी. लेकिन यहां पहुंचने पर पार्किंग फुल मिली और लिफ्ट भी बंद दिखाई दी. उनका कहना है कि जब स्मार्ट पार्किंग बनाई गई है तो उसका नियमित संचालन भी होना चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी न हो.

खजूरी बाजार के पास भी लिफ्ट बंद
संजय सेतु स्थित पार्किंग के अलावा खजूरी बाजार के पास बनी लिफ्ट आधारित पार्किंग में भी एक लिफ्ट पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी है. इसके कारण पार्किंग की व्यवस्था प्रभावित हो रही है. यहां एक लिफ्ट संचालित नहीं होने से पार्किंग की पूरी क्षमता का उपयोग नहीं हो पा रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, तब पहले से निर्मित पार्किंग सुविधाओं को दुरुस्त रखने में लापरवाही क्यों बरती जा रही है? संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण और रखरखाव नहीं किए जाने से स्मार्ट पार्किंग की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

वाहन चालकों को होती है परेशानी
सराफा जैसे व्यस्त बाजार में पार्किंग की समस्या लगातार बनी हुई है. खजूरी बाजार की पार्किंग भी क्षेत्र में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है. पार्किंग होने के बावजूद पार्किंग में लिफ्ट खराबी और रास्तों की अव्यवस्था के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और कई बार उन्हें काफी दूर जाकर गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती हैं. नगर निगम को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी राहत मिल सके.
– आरिफ, सराफा व्यापारी

वायरिंग जलने के कारण संचालन बंद
अतिरिक्त आयुक्त अर्थ जैन ने रिवर साइड पार्किंग को लेकर बताया कि रिवर साइड स्थित स्मार्ट पार्किंग पीपीपी मॉडल के तहत विकसित की गई है. पार्किंग में वायरिंग जलने के कारण फिलहाल इसका संचालन बंद है. इसके साथ ही ऑन-स्ट्रीट पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से पार्किंग के संचालन और एजेंसी के राजस्व पर भी असर पड़ रहा है. जब तक ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक स्मार्ट पार्किंग का अपेक्षित उपयोग सुनिश्चित करना मुश्किल है. पार्किंग की निर्माण लागत और एजेंसी के निवेश की जानकारी भी ली जाएगी. खजूरी बाजार की लिफ्ट पार्किंग को लेकर बताया कि खजूरी बाजार स्थित लिफ्ट पार्किंग में एक लिफ्ट बंद होने की जानकारी सामने आई है. इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से जांच करवाकर बंद लिफ्ट की स्थिति और खराबी के कारणों का पता लगाया जाएगा.

सड़कें कैसे होंगी जाम मुक्त?
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पार्किंग निर्माण पर खर्च की गई राशि का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब इनका नियमित संचालन और रखरखाव हो। एक ओर शहर के बाजारों में पार्किंग के लिए जगह नहीं मिल रही है, दूसरी ओर तैयार पार्किंग स्थलों की लिफ्टें बंद हैं, उपकरण गायब हैं और व्यवस्थाएं बदहाल हैं। जिम्मेदार विभागों के बीच समन्वय की कमी और निगरानी का अभाव भी इस समस्या को बढ़ा रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि स्मार्ट पार्किंग के नाम पर बनाई गई इन सुविधाओं को आखिर कब दुरुस्त किया जाएगा और आम लोगों को सड़क पर वाहन खड़े करने की मजबूरी से कब राहत मिलेगी?

Next Post

कल से अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने का अभियान होगा शुरू

Sun Nov 15 , 2026
इंदौर: नगर निगम द्वारा 16 नवंबर से शहर में एक महीने तक अवैध नल कनेक्शन को वैध करने का अभियान शुरू किया जा रहा है. इसके लिए नगर निगम द्वारा वार्डवार दल गठित कर दिए है, जो रहवासियों को नल कनेक्शन वैध करने में सहायता करेंगे.शहर में नगर निगम द्वारा […]

You May Like