
सागर। खाद वितरण में अनियमितता और शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बगरोही के प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार 13-11-2026 को आयोजित जनविश्वास शिविर में बी-पैक्स बगरोही के कृषकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि समिति द्वारा उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई गई।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा खाद वितरण में अनियमितता के कारण सहायक समिति प्रबंधक बी-पैक्स बगरोही को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त निर्देश के परिप्रेक्ष्य में प्रशासक, बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बगरोही द्वारा श्री लखनलाल यादव, सहायक समिति प्रबंधक बी-पैक्स बगरोही, शाखा शाहगढ़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
*गत रबी सीजन से तुलना में इस रबी सीजन में कम वितरण हुआ*
गत वर्ष बगरोही समिति शाहगढ़ द्वारा 360 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया था जबकि इस साल अभी तक मात्र 130 मैट्रिक टन का ही वितरण किया गया, समिति द्वारा खाद की मांग समय से नहीं किये जाने के कारण किसानों को खाद नहीं मिल पायी है।
