सीहोर। रेलवे फाटक बंद करने की तारीख तय हो गई, लेकिन ओवरब्रिज अब भी अधूरा है. 16 नवंबर से हाउसिंग बोर्ड रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद हो जाएगा. रेलवे के फरमान के बाद जिम्मेदारों ने आनन-फानन में ब्रिज तो खोल दिया, लेकिन न सड़क की फिनिशिंग हुई, न स्ट्रीट लाइट लगी और न ही सुरक्षा के इंतजाम पूरे हुए. ऐसे में सवाल है कि अधूरे ब्रिज पर जनता की सुरक्षित आवाजाही की जिम्मेदारी कौन लेगा.
शहर के हाउसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज को लेकर रेलवे ने बड़ा आदेश जारी किया है. 16 नवंबर से समपार फाटक क्रमांक 104 को सड़क यातायात के लिए स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा. रेलवे ने इस संबंध में कलेक्टर सहित संबंधित विभागों और कोतवाली पुलिस को पत्र भेजकर सूचना दे दी है. रेलवे के निर्देश के बाद वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अथवा नवनिर्मित ओवरब्रिज से आवागमन करना होगा. लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस ब्रिज के भरोसे रेलवे फाटक बंद किया जा रहा है, उसका निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है1 रेलवे का पत्र मिलते ही मंगलवार को ब्रिज कारपोरेशन ने आनन-फानन में दोनों छोर की मिट्टी हटाकर ओवरब्रिज को आवागमन के लिए खोल दिया. हालांकि मौके पर अब भी कई जरूरी काम अधूरे हैं. ऐसे में अधूरे इंतजामों के बीच यातायात शुरू होने से हादसों की आशंका है.
नवभारत की ग्राउंड पड़ताल में सामने आया कि ब्रिज की सड़क पर अभी फिनिशिंग डामर की अंतिम परत नहीं बिछाई गई है. सड़क खुरदुरी होने के कारण वाहन चालकों को गुजरते समय झटके महसूस हो रहे हैं.यातायात सुरक्षा के लिए जरूरी सफेद पट्टियां भी नहीं बनाई गई हैं, जिससे रात में वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है.
गौरतलब है कि हाउसिंग बोर्ड और फंदा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण जनवरी 2024 में शुरू हुआ था. परियोजना को जून-जुलाई तक पूरा होना था, लेकिन एजेंसी की लेटलतीफी और डामर की आपूर्ति बाधित होने जैसे कारणों से काम पिछड़ता गया. इस दौरान शहरवासियों को धूल, गड्ढों और बारिश में कीचड़ के बीच आवागमन करना पड़ा. अब करीब ढाई साल बाद भी ब्रिज पूरी तरह तैयार नहीं है. ऐसे में 16 नवंबर से रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद करने के फैसले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
खुले सरिए, स्ट्रीट लाइट भी नहीं लग सकी
रेलवे ओवरब्रिज पर रोशनी के लिए विद्युत खंभे लगाए जाने हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है. खंभों के लिए छोड़े गए लोहे के सरिए खुले पड़े हैं. पिलरों के जोड़ों से भी सरिए बाहर निकले हुए हैं. इसके अलावा ओवरब्रिज के ठीक सामने खड़ी दीवार भी नहीं हटाई गई है. ऐसे में रात के अंधेरे और अधूरी व्यवस्थाओं के बीच सुरक्षित यातायात बड़ी चुनौती होगा.
संबंधितों को दे दी है सूचना
हमारे द्वारा शहर के हाउसिंग बोर्ड रेलवे समपार फाटक क्रमांक 104 को 16 नवंबर से रोड साइड यातायात के लिए स्थाई रूप से बंद करने की सूचना सीहोर कलेक्टर सहित रेलवे के सीहोर-शुजालपुर और पचामा के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को भी दी है. ताकि 16 नवंबर से वे फ्लाई ओवर ब्रिज से आवागमन व्यवस्था शुरु करवा सकें.
नेकराज मीन,
वरि. सेक्शन इंजीनियर
