
ग्वालियर। नई सड़क क्षेत्र में अधिवक्ता दीपांकर मिश्रा पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर करीब पांच राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता को निशाना बनाकर फायरिंग की गई, हालांकि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुरानी रंजिश, पेशेवर विवाद अथवा अन्य कारणों से भी जांच की जा रही है। इस वारदात के बाद अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष है। अधिवक्ताओं ने शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
