नयी दिल्ली, 30 सितम्बर (वार्ता) रूस-ईरान प्रतिबंध कानून के तहत अमेरिका द्वारा भारत पर प्रस्तावित 100 प्रतिशत आयात शुल्क को लेकर दोनों देशों के बीच चल रही चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को बातचीत के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।
इस वार्ता के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अहम टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपने आपसी सहयोग की समीक्षा की। हम अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।
हमने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयास भी शामिल हैं।” प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए सहयोग को और मजबूत बनाने के मकसद से निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी संसद द्वारा पारित यह कानून अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस से कच्चा तेल या प्राकृतिक गैस खरीदने वाले शीर्ष पांच देशों पर 100 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने का अधिकार देता है।
