टोक्यो, 21 जुलाई (वार्ता/शिन्हुआ) जापान की सरकारी प्रसारक कंपनी एनएचके ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेतृत्व वाला गठबंधन रविवार को हुए चुनाव के बाद हाउस ऑफ काउंसिलर्स में अपना बहुमत खो देगा।
एनएचके ने कहा कि एलडीपी और कोमेइतो गठबंधन को संसद के 248 सीटों वाले ऊपरी सदन में बहुमत के लिए आवश्यक 125 सीटें नहीं मिलेंगी।सदन में की कुल संख्या 248 हैं जिनका कार्यकाल छह साल का होता है। चुनाव हर तीन साल में होता है और हर बार आधी सीटों के लिए चुनाव होते हैं। रविवार को हुए मतदान में कुल 125 सीटों के लिए चुनाव हुए जिनमें एक सीट रिक्त भी शामिल है।
एनएचके के अनुमान के अनुसार, जापान की मुख्य विपक्षी पार्टी कांस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी की सीटों की संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद है जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी फॉर द पीपुल और सैनसेतो को महत्वपूर्ण बढ़त मिलने का अनुमान है।
हार के बावजूद शिगेरु इशिबा ने जापान के प्रधानमंत्री बने रहने की मंशा व्यक्त करते हुए कहा है कि एलडीपी को सत्तारूढ़ पार्टी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
श्री इशिबा ने एनएचके से कहा कि उनकी पार्टी ने अब तक उच्च सदन में सबसे बड़ी पार्टी बनने के लिए पर्याप्त सीटें प्राप्त कर ली हैं और उन्हें चुनाव अभियान के दौरान किए गए वादों को पूरा करना है। अक्टूबर 2024 के आम चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन ने पहले ही शक्तिशाली प्रतिनिधि सभा या निचले सदन में अपना बहुमत खो दिया था जिसके कारण श्री इशिबा को तीन दशकों में पहली बार जापान में अल्पमत सरकार बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
