15 वर्षीय किशोरी के साथ तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में गणपति की झांकी देखकर घर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते भयभीत परिजन दो महीने तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। पीड़िता ने अपनी मां के साथ महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार को तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

*मंदिर के पीछे हुई वारदात*

पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 सितंबर की रात को घटी। पीड़ित किशोरी गांव में आयोजित गणपति उत्सव की झांकी देखने गई थी। उसके साथ आई चाची रात घर लौट गई थीं, जबकि किशोरी झांकी देखने के लिए वहीं रुक गई। रात करीब 10 बजे जब किशोरी अकेले घर लौट रही थी, तभी माता मंदिर के पीछे घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपी दीपक रावत, सूरज रावत और रविंद्र रावत पीड़िता को खींचकर पास की झाड़ियों में ले गए। वहां आरोपियों ने किशोरी के हाथ-पैर पकड़ लिए और मुंह बंद कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

घर पहुंची किशोरी ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। आरोपियों की धमकी और लोक-लज्जा के डर से परिवार ने तुरंत शिकायत नहीं की। लगभग दो महीने तक मानसिक तनाव झेलने के बाद पीड़िता ने मां के साथ महिला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। महिला थाना प्रभारी कोमल परिहार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

राज्यपाल मंगुभाई पटेल 16 नवम्बर को ग्वालियर आयेंगे

Sat Nov 14 , 2026
ग्वालियर। राज्यपाल मंगुभाई पटेल 16 नवम्बर को एक दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पधारेंगे। ग्वालियर में जीवाजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल 16 नवम्बर को प्रात: 9.50 बजे वायुयान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पर पधारेंगे। इसके पश्चात प्रात: 11 बजे […]

You May Like