अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जैतहरी थाना क्षेत्र के गौरेला गांव में तीन साल की मासूम बच्ची की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। परिजनों ने बच्ची के पिता मोहित सिंह पर आरोप लगाया है। बच्ची की मौत के बाद पिता ने भी कीटनाशक पी लिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
*पानी में मिलाकर पिलाया जहरीला पदार्थ*
जानकारी के मुताबिक, मोहित सिंह की पत्नी सुशीला अपने दो बच्चों के साथ मायके गौरेला गांव में रह रही थी। 12 नवंबर को मोहित वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले बच्ची से पानी मांगा और फिर उसी पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी।
*24 घंटे चला इलाज, नहीं बच सकी मासूम*
परिजन बच्ची को पहले जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया। यहां करीब 24 घंटे तक उपचार चलने के बाद शुक्रवार शाम बच्ची की मौत हो गई।
*बेटी की मौत के बाद पिता ने भी उठाया कदम*
बेटी की मौत की जानकारी मिलने के बाद मोहित ने घर में कीटनाशक पी लिया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
