दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाले 191 उद्योगों को बंद करने का निर्देश

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में तेजी लाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देने के साथ ही इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण उपकरण नहीं लगाने वाले 191 उद्योगों को तत्काल बंद करने को भी कहा है। श्री यादव ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के उपायों की समीक्षा बैठक में कहा कि अब केवल योजनाएं बनाने के बजाय समयबद्ध तरीके से जमीनी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना भी जरूरी है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लक्षित 5,480 किमी सड़कों में से 3,221 किमी का पुनर्विकास किया जा चुका है। उन्होंने सड़कों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और एनसीआर के 233 चिह्नित यातायात जाम वाले स्थानों पर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। दिल्ली की सीमा पर 154 प्रवेश बिंदुओं पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो प्रणाली लगाने का काम 31 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने पुराने प्रदूषणकारी ट्रकों और बसों को बीएस-6, सीएनजी तथा इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलने की योजना में तेजी लाने और पेट्रोल पंपों पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरे लगाने को कहा। औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन नहीं होने पर बिजली काटने और उन्हें सील करने जैसी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये। श्री यादव ने नगर निकायों को खुले में कचरा डालने और जलाने पर रोक लगाने तथा कचरा प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी के जरिये प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

.....

Next Post

चाँदपुर सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई हत्या की वारदात का चांदपुर पुलिस ने किया खुलासा

Sat Nov 14 , 2026
आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री समर वर्मा ने बताया कि दिनांक 12.11.2026 को थाना चाँदपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम मोरधी में शाम लगभग 7:00 बजे रात्रि के दौरान दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की घटना घटित हुई थी। घटना के संबंध में दिनांक 12.11.2026 को फरियादी पिन्टू पिता […]

You May Like