न्यू ऑरलियन्स, अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा जल हादसा सामने आया है, जहां स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक विशाल टैंकर ने 129 यात्रियों को ले जा रही क्रूज बोट को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि ‘अमेरिकन हेरिटेज’ नाम की यह पैडल-बोट असंतुलित होकर पलटने लगी और देखते ही देखते महज 15 मिनट के भीतर पूरी तरह नदी में डूब गई। गनीमत यह रही कि समय रहते चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण बड़ा जनहानि टल गई, हालांकि हादसे में घायल हुए 32 यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यात्रियों के उतरने के दौरान हुआ यह हादसा, मेयर हेलेना मोरेनो ने दी जानकारी और कोस्ट गार्ड ने संभाला मोर्चा
घटना के वक्त यह क्रूज बोट किनारे पर करीब दो घंटे से खड़ी थी और यात्रियों के उतरने का इंतजार कर रही थी। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की है कि क्रूज पर सवार सभी यात्रियों की पहचान कर ली गई है और शुरुआती जांच में पता चला है कि ‘अटलांटिक डामर’ नामक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया था जिसकी वजह से यह टक्कर हुई। हादसे के तुरंत बाद पोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, यूएस कोस्ट गार्ड और आपातकालीन चिकित्सा कर्मियों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया और सभी यात्रियों व क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पोर्ट प्रशासन ने मिसिसिपी नदी पर रोका जल यातायात, क्रूज कंपनी ने प्रभावित लोगों के प्रति जताई गहरी चिंता
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद नदी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए मिसिसिपी नदी पर सभी प्रकार के जल यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। पोर्ट की प्रशासनिक इमारत के भीतर घायलों के प्राथमिक उपचार के लिए एक विशेष ‘ट्राइएज एरिया’ बनाया गया है, जहां डॉक्टर लगातार घायलों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, नाव संचालित करने वाली कंपनी ‘अमेरिकन क्रूज लाइन्स’ ने बयान जारी कर कहा है कि वे इस दुर्घटना से बेहद आहत हैं और प्रभावित होने वाले सभी मेहमानों तथा क्रू सदस्यों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

