बहोरीबंद थाने के तीन आरोपी जिला जेल के सामने से पुलिस अभिरक्षा से फरार, हड़कंप

कटनी। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। बहोरीबंद थाने से जिला जेल कटनी में दाखिल कराने लाए गए तीन आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी जेल के मुख्य गेट के सामने से ही पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।

जेल गेट पर ऐसे हुआ वाकया
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बहोरीबंद पुलिस 151 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—राकेश, रंजीत और अभिषेक—को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों को जेल के भीतर दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर पाती, इससे पहले ही तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। जेल गेट के सामने हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आरोपियों की निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक आरोपी दोबारा पकड़ा गया, दो की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, जिसके बाद पुलिस को एक आरोपी को दोबारा पकड़ने में सफलता मिल गई, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने मीडिया को बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के लिए नई चुनौती
इधर, शहर में पहले से ही चर्चित किसना ज्वेलर्स चोरी कांड को लेकर पुलिस पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में जिला जेल के सामने से पुलिस अभिरक्षा में लाए गए आरोपियों का फरार होना पुलिस महकमे के लिए एक नई चुनौती बन गया है।

Next Post

अचानक धरती कांप उठी

Sat Nov 14 , 2026
खरगोन जिले में सुबह अचानक धरती कांप उठी, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। सुबह करीब 9:15 बजे भूकम्प के झटके महसूस किए गए ,इस कारण लोग डर के मारे अपने घरों और बहुमंजिला इमारतों से बाहर निकलकर खुले आसमान के नीचे आ गए।स्कूल बच्चे भी बाहर आ गए […]

You May Like

मनोरंजन