नशे में पुश्तैनी जमीन बेचने का आरोप साबित नहीं कर सके भाई-बहन

जबलपुर: हाईकोर्ट ने छिंदवाड़ा जिले में 4.6 हेक्टेयर जमीन की बिक्री को चुनौती देने वाले भाई-बहन की अपील खारिज कर दी है। उनका आरोप था कि पिता ने शराब के नशे में बिना कोई भुगतान प्राप्त किए परिवार की पुश्तैनी जमीन बेच दी थी। न्यायमूर्ति प्रणय वर्मा की एकलपीठ ने पाया कि अपीलकर्ता न तो जमीन के पुश्तैनी होने का पर्याप्त दस्तावेजी प्रमाण दे सके और न ही रजिस्ट्री के समय पिता के नशे में होने का आरोप साबित कर पाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक बयानों से संपत्ति का पुश्तैनी होना प्रमाणित नहीं होता। इसके लिए तीन पीढ़ियों का दस्तावेजी रिकार्ड आवश्यक है।
मामला नागपुर की सावली तहसील निवासी सचिन मोहतकर और छिंदवाड़ा निवासी उनकी बहन अरुणा से संबंधित है। दोनों का दावा था कि छिंदवाड़ा जिले की सौंसर तहसील के ग्राम गोडीबडोना में उनके परिवार की 4.6 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन थी। आरोप लगाया कि उनके पिता नारायण राव ने 14 मई, 2008 को शराब के नशे में बिना कोई राशि प्राप्त किए यह जमीन नागपुर निवासी अब्दुल हकीम और पवन जामदार को बेच दी थी। बिक्री को चुनौती देने वाली उनकी अपील अधीनस्थ अदालत ने दो मार्च 2020 को खारिज कर दी थी। इसके बाद भाई-बहन ने हाई कोर्ट में अपील की।
महत्वपूर्ण रही सब-रजिस्ट्रार की गवाही
सुनवाई के दौरान सब-रजिस्ट्रार पीएल बघेल की गवाही महत्वपूर्ण रही। उन्होंने अधीनस्थ अदालत में बताया था कि नारायण राव ने पूरी तरह होश-हवास में विक्रय दस्तावेज निष्पादित किए थे। दस्तावेजों की वैधता और विक्रेता की स्थिति से संतुष्ट होने के बाद ही रजिस्ट्री की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि विक्रेता शराब के नशे में होता तो वह दस्तावेजों का पंजीयन नहीं करते। हाई कोर्ट ने इस गवाही पर भरोसा जताते हुए नशे में रजिस्ट्री कराने का आरोप स्वीकार नहीं किया।
विक्रेता को करना थी शिकायत
हाई कोर्ट ने यह भी पाया कि जमीन बेचने वाले नारायण राव को समन जारी होने के बावजूद वह अधीनस्थ अदालत में पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई हुई। अदालत ने माना कि विक्रय राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत मूल रूप से विक्रेता को ही करनी थी। बच्चों को इस आधार पर स्वतंत्र रूप से आपत्ति उठाने का कानूनी अधिकार नहीं बनता। इन सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद हाई कोर्ट ने भाई-बहन की अपील निरस्त कर दी।

Next Post

छठी मैया की भक्ति में डूबीं अक्षरा सिंह, नहाय-खाय पर गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

Sat Nov 14 , 2026
मुंबई, भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत की। उन्होंने गंगा में डुबकी लगाई और कई बड़े नेताओं को छठ पूजा का न्योता भी भेजा। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह इन दिनों छठ महापर्व को लेकर चर्चा में हैं। बिहार से ताल्लुक […]

You May Like