सनातन की बात करने वाले विधायक के बेटे ने महाकाल मंदिर में तोड़े नियम

इंदौर:महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है, लेकिन भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में चांदी द्वार तक मोबाइल से रील बनाई. इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने के बजाय प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराते और आवभगत करते नजर आए. वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा कंपनी पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया है और तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया है.करीब एक सप्ताह पुराने वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला नीलकंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं. उनके पहुंचते ही गेट पर ई-कार्ट पहुंच जाती है. इसके बाद वे रास्तेभर मोबाइल से रील बनाते हुए चांदी द्वार तक पहुंचते हैं. यहां पूजा, अभिषेक और आरती के दौरान भी वीडियो रिकॉर्डिंग की गई.

प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल इस्तेमाल होने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नहीं रोका. मामले में सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया का कहना है कि मंदिर समिति ने घटना को गंभीरता से लिया है. सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया है और तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है. वहीं महामंडलेश्वर शैलशानंद महाराज ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम श्रद्धालुओं को मोबाइल ले जाने पर रोका जाता है और कई बार उनके साथ दुर्व्यवहार होता है, जबकि नेताओं और प्रभावशाली लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंचने और रील बनाने की छूट मिल जाती है. मंदिर में सभी के लिए समान नियम होने चाहिए. उन्होंने मंदिर की आंतरिक सुरक्षा केंद्रीय या सशस्त्र सुरक्षा बलों को सौंपने की मांग भी की.

उन्होंने कहा कि केवल गार्डों को निलंबित करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी. मंदिर के तीन प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर तैनात निरीक्षकों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि सुरक्षाकर्मियों ने विधायक पुत्र को प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से वीडियो बनाने से क्यों नहीं रोका. उन्होंने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर रविंद्र पुरी महाराज के साथ हाल ही में हुई कथित अभद्रता का हवाला देते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले महामंडलेश्वर रविंद्र पुरी महाराज को चांदी द्वार से प्रवेश देने में आनाकानी की गई थी. आरोप है कि चेकिंग के नाम पर उनके साथ गलत व्यवहार किया और उन्हें दर्शन के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ा. इसके उलट विधायक पुत्र को प्रोटोकॉल के तहत सुविधा मिली और प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने से भी नहीं रोका. ऐसे में मंदिर में आम श्रद्धालुओं और प्रभावशाली लोगों के लिए अलग अलग नियम लागू होने का सवाल खड़ा हो गया है.

सनातनी होने का दावा नहीं, आचरण से बनी पहचान
देश की राजनीति में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहचान सनातन धर्म और हिंदुत्व के मुखर समर्थक के रूप में है. उन्हें कभी अपनी पहचान बताने के लिए ‘सनातनी विधायक’ लिखवाने या ऐसा तमगा लगाने की जरूरत नहीं पड़ी. उनकी सार्वजनिक पहचान उनके विचारों और कार्यों से बनी है. दूसरी ओर इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का स्वयं को सनातनी विधायक के रूप में प्रस्तुत करना चर्चा का विषय है. ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि सनातन की पहचान का दावा करने से ज्यादा जरूरी उसके सिद्धांतों और मर्यादाओं का पालन करना नहीं है?

माता टेकरी पर भी कर चुका है ऐसी हरकत…
महाकाल मंदिर में मोबाइल से रील बनाने का मामला पहला नहीं है. पिछले साल विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का नाम देवास की माता टेकरी पर हुए विवाद में भी सामने आया था. वहां पुजारी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा था. धार्मिक स्थलों पर नियमों और मर्यादाओं को लेकर सामने आ रहे ऐसे मामलों ने विधायक पुत्र के व्यवहार पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Next Post

बंगाल : भाई फोटा मनाकर लौट रही महिला और उसकी 12 वर्षीय बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Sat Nov 14 , 2026
बर्धमान, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में शुक्रवार को भाई फोटा का त्योहार मनाकर घर लौट रही एक महिला और उसकी 12 वर्षीय बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह पूर्व रेलवे के बर्धमान-आसनसोल खंड पर खाना जंक्शन के प्लेटफॉर्म के […]

You May Like