पश्चिम क्षेत्रीय अर्न्तविश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के डॉ हरीसिंह विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सिरोंजा, परिसर में भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा स्वीकृत पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमों के खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. नागेश दुबे, कुलगुरु डाॅ हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर ने की।

बीटी ग्रुप के चेयरमैन संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’ ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास है।अध्यक्षीय भाषण में प्रोफेसर नागेश दुबे, कुलगुरु ने कहा कि शिक्षा एवं खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। कबड्डी भारतीय परंपरा एवं संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ-साथ त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, रणनीतिक सोच, साहस, संतुलन एवं टीम समन्वय की आवश्यकता होती है।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

संचालक शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. साठे ने बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन हेतु उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की सराहना की। बीटी ग्रुप के सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने संस्थान ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व प्रदान करता है। निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, सलाहकार प्रो. सुबोध जैन एवं रजिस्ट्रार डॉ. तरुण सिंह ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न संस्थानों के समन्वय के संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर संदीप जैन, बीटी इंस्टिट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले, बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन भी उपस्थित रहे।13 से 18 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमें आपसी मुकाबलों में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए मैदान में उतरेंगी। खिलाड़ियों द्वारा रेडिंग, डिफेंस, सुपर टैकल एवं सामूहिक रणनीति का प्रदर्शन प्रतियोगिता को रोमांचक बनाएगा।

Next Post

भजन क्लबिंग में सिंधिया ने साधु तिवारी के साथ मिलाए सुर, शिव भजनों पर झूमे युवा

Fri Nov 13 , 2026
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का शिवपुरी में एक अलग अंदाज देखने को मिला। नक्षत्र गार्डन में आयोजित युवा संवाद एवं भजन क्लबिंग कार्यक्रम में सिंधिया ने प्रसिद्ध भजन गायक साधु तिवारी के साथ भजनों पर सुर मिलाए। दोनों की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और दर्शकों का ध्यान […]

You May Like