मैसूरु, 13 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां भारत के पहले एलईडी डोम तारामंडल ‘कॉसमॉस’ का उद्घाटन किया और लद्दाख के हानले वेधशाला में मौजूद एस्ट्रो-एम्बेसडर्स और वैज्ञानिकों के साथ वर्चुअल तरीके से बातचीत की। इस तरह उन्होंने रियल-टाइम वैज्ञानिक कनेक्टिविटी की क्षमता का प्रदर्शन किया और दक्षिण भारत के छात्रों तथा खगोल विज्ञान के शौकीनों को लद्दाख की रात्रि के आकाश के और करीब ला दिया।
इस संवाद में इस अत्याधुनिक सुविधा की एक महत्वपूर्ण विशेषता सामने आई। इसके माध्यम से खगोलीय वेधशालाओं से जुड़कर वास्तविक समय के अवलोकन और वैज्ञानिक आंकड़ों को एक ऐसे शिक्षण वातावरण में उपलब्ध कराया जा सकता है, जहां दर्शक इनका प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। इस तरह उन्नत प्रौद्योगिकी के जरिये भौगोलिक दूरियां भी कम होंगी।
करीब 115 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बने इस तारामंडल का उद्घाटन करने वाले श्री मोदी ने देखा कि किस तरह यह सुविधा मैसूर के दर्शकों को लद्दाख के ठंडे रेगिस्तानी क्षेत्र में स्थित हानले के शोधकर्ताओं और खगोल विज्ञान के प्रति उत्साही लोगों से जोड़ सकती है। हानले अपनी खगोलीय अवलोकन सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध है।
इस प्रदर्शन से यह भी संकेत मिला कि ‘कॉसमॉस’ पारंपरिक तारामंडल से आगे बढ़कर एक ऐसे संवादात्मक मंच के रूप में विकसित हो सकता है, जो विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली खगोलीय गतिविधियों और अवलोकनों से जोड़ेगा।
इस तारामंडल में 6,000 से अधिक एकीकृत एलईडी पैनल लगाए गए हैं। इसका गुंबद एक विशाल डिजिटल पर्दे के रूप में काम करता है, जिस पर 8 के तक के उच्च विभेदन में खगोलीय दृश्यों का जीवंत अनुभव मिलता है। प्रोजेक्टर पर निर्भर रहने वाले पारंपरिक तारामंडलों के विपरीत, एलईडी आधारित इस प्रणाली में अधिक स्पष्ट तस्वीरें, ज्यादा चमक, बेहतर रंग और अधिक स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।
इस तारामंडल की वास्तविक समय में संपर्क स्थापित करने की सुविधा के जरिये दूरबीनों से प्राप्त खगोलीय आंकड़ों और अवलोकनों को प्रस्तुतियों में शामिल किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों और दर्शकों को पहले से रिकॉर्ड किए गए कार्यक्रमों के अलावा अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नए घटनाक्रमों को प्रत्यक्ष अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
इस सुविधा से खगोल विज्ञान की शिक्षा, अनुसंधान और वैज्ञानिक जानकारी के प्रसार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, विशेषकर युवाओं को इससे लाभ होगा। यह ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब भारत चंद्रयान, मंगलयान और गगनयान जैसे अभियानों के जरिये अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम का विस्तार कर रहा है।
कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी में पेशेवर रूप से तैयार किए गए कार्यक्रमों के जरिये ‘कॉसमॉस’ खगोल विज्ञान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएगा। इसके आकाश थिएटर में दर्शक महाविस्फोट (बिग बैंग), आकाशगंगाओं, तारों और ग्रहों के निर्माण, सौरमंडल तथा ब्रह्मांड की अन्य घटनाओं की रोमांचक और जीवंत यात्रा का अनुभव कर सकेंगे।
इस परिसर में एक संवादात्मक प्रदर्शनी कक्ष भी बनाया गया है। इसमें खगोलीय उपकरण, जंतर-मंतर के नमूने, उपग्रहों के प्रदर्शन और भारत की अंतरिक्ष तथा खगोल विज्ञान संबंधी क्षमताओं के विकास को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां शामिल हैं।
खगोल विज्ञान की शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण, वैज्ञानिक जानकारी के प्रसार और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए यहां खुले मैदान में रंगमंच, व्याख्यान कक्ष और एक विशेष प्रशिक्षण केंद्र भी बनाया गया है। करीब 115 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। उस समय केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी आधारशिला रखी थी। वर्ष 2023 में तारामंडल के लिए विशेष एलईडी उपकरणों का आदेश दिया गया। इसके बाद भवन निर्माण और विदेश से मंगाए गए अत्याधुनिक उपकरणों को लगाने का काम किया गया।
‘हमारा घर, हमारा ब्रह्मांड’ विषय पर आधारित यह तारामंडल विज्ञान शिक्षा और पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है। यहां कर्नाटक सहित देशभर से विद्यार्थी, शोधकर्ता और पर्यटक पहुंच सकेंगे। मैसूर की यह सुविधा अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक और वास्तविक समय में खगोलीय वेधशालाओं से जुड़ने की व्यवस्था को एक साथ जोड़कर भारत में भविष्य में बनने वाले तारामंडलों के लिए भी एक मानक स्थापित कर सकती है। इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार भी मौजूद रहे।

