नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने वजीराबाद के सूर्यघाट पहुंचकर यमुना में गिर रहे गंदे पानी को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद मनोज तिवारी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर यमुना की सफाई हो चुकी है, तो दोनों सूर्यघाट आकर नदी में स्नान करके दिखाएं।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सूर्यघाट पर नाले का गंदा पानी सीधे यमुना में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार नदी की सफाई के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ यमुना में प्रदूषित पानी गिरने का सिलसिला जारी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार से यमुना की सफाई को लेकर किए जा रहे दावों पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि नदी की वास्तविक स्थिति और सरकार के दावों में अंतर दिखाई दे रहा है।
