नाइक के आईआरएफ पर फिर पांच साल का प्रतिबंध, केंद्र ने गैरकानूनी संगठन घोषित किया

नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाईक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) को तत्काल प्रभाव से गैरकानूनी संगठन घोषित कर दिया है। गृह मंत्रालय की शुक्रवार की अधिसूचना के अनुसार, यह प्रतिबंध पांच साल तक प्रभावी रहेगा। संगठन के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. जाकिर अब्दुल करीम नाइक पर धार्मिक आधार पर विभिन्न समुदायों के बीच नफरत और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले भाषण देने का आरोप लगाया गया है।

मंत्रालय के मुताबिक आईआरएफ की गतिविधियां देश की सुरक्षा, सांप्रदायिक सौहार्द और धर्मनिरपेक्ष ढांचे के लिए खतरा हैं। सरकार का कहना है कि डॉ. नाइक के भाषणों और बयानों से अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी और नफरत को बढ़ावा मिला तथा युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित किया गया।

अधिसूचना में कहा गया है कि डॉ. नाइक ने अंतरराष्ट्रीय सैटेलाइट टीवी नेटवर्क, इंटरनेट, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया भर में लाखों लोगों तक कट्टरपंथी विचारों वाले भाषण पहुंचाए।

केंद्र सरकार ने आशंका जताई है कि संगठन पर रोक नहीं लगाने की स्थिति में वह अपनी गतिविधियां जारी रख सकता है, फरार कार्यकर्ताओं को फिर से संगठित कर सकता है, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकता है और अलगाववाद व उग्रवाद को बढ़ावा दे सकता है।

केंद्र सरकार ने इससे पहले 17 नवंबर 2016 और 15 नवंबर 2021 को भी आईआरएफ को गैरकानूनी संगठन घोषित किया था। दोनों बार गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) न्यायाधिकरण ने प्रतिबंध की पुष्टि की थी। पिछली रोक की अवधि 14 नवंबर को समाप्त हो रही है। अब केंद्र सरकार ने यू ए पी ए की धारा 3 के तहत संगठन पर फिर पांच साल का प्रतिबंध लगाया है।

गृह मंत्री कार्यालय ने एक पोस्ट में कहा, “आतंकवाद और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति मोदी जी के जीरो टॉलरेन्स के विजन का मजबूती से पालन करते हुए गृह मंत्रालय इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर यूएपीए के तहत गैरकानूनी संगठन के रूप में प्रतिबंध बढ़ाता है। फरार आतंकवादी प्रचारक डॉ. जाकिर नाइक के नेतृत्व में यह संगठन भारत-विरोधी षड्यंत्र में शामिल रहा है, जिसमें सांप्रदायिक घृणा भड़काना, शत्रुता फैलाना और आतंकवाद को बढ़ावा देना शामिल है। यह संगठन आतंकवाद और अलगाववाद की जहरीली विचारधारा का प्रचार करते, हिंसा और अशांति भड़काते, फरार आतंकवादियों को फिर से संगठित करते और सांप्रदायिक कलह पैदा करते हुए पाया गया है।”

.....

Next Post

टीबी के खिलाफ जंग में दक्षिण-पूर्व एशिया को बड़ी सफलता, जांच और इलाज में वैश्विक औसत को पछाड़ा; डब्ल्यूएचओ

Fri Nov 13 , 2026
संयुक्त राष्ट्र 13 नवंबर (वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक नयी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र ने तपेदिक (टीबी) के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करते हुए इस क्षेत्र ने टीबी के रोगियों तक अपनी पहुंच और इलाज के मामले में वैश्विक औसत को पीछे छोड़ दिया […]

You May Like