उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह 2026 के पूर्वरंग में स्थानीय कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

मैहर। उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह 2026 के अंतर्गत पूर्वरंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, संस्कृति संचालनालय के संचालक एन.पी. नामदेव, डॉ. के.सी. जैन एवं सीएसपी महेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
पूर्वरंग कार्यक्रम में स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सुश्री सुकृति सोनी ने एकल कथक नृत्य, सुश्री आरती शुक्ला एवं सुश्री रिचा पाण्डेय ने शास्त्रीय गायन, मोहम्मद अहमद खाँ ने सारंगी वादन, प्रांशु सेन एवं साथियों ने समूह शास्त्रीय गायन की आकर्षक प्रस्तुति समाचार लिखे जाने तक दी। युवराज सिंह द्वारा एकल शास्त्रीय गायन तथा शिवेश पाण्डेय द्वारा तबला वादन, सुश्री नंदिनी अग्निहोत्री द्वारा एकल कथक नृत्य, सुश्री मेघना बड़गैयाँ के समूह द्वारा कथक नृत्य तथा श्री एकांश भट्ट द्वारा सरोद वादन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
पूर्वरंग आयोजन में सतना, मैहर एवं कटनी के चयनित कलाकारों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। पूर्वरंग कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम में स्थानीय आयोजन समिति के सचिव के सी जैन,नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोनी, सत्यभान सिंह, संतोष सोनी,आलोक अग्रवाल, सतीश मिश्रा, विकास तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

सोन–तिपान संगम पर दक्षिण भारतीय राव परिवार ने श्रद्धा से किया नागल चौथ पूजन

Fri Nov 13 , 2026
अनूपपुर:नगर के पवित्र सोन–तिपान संगम तट पर दक्षिण भारतीय राव परिवार द्वारा पारंपरिक श्रद्धा, आस्था और विधि-विधान के साथ नागल चौथ पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिवार की महिलाओं ने पति की दीर्घायु, संतान की सुरक्षा तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान नागदेव और […]

You May Like