
मैहर। जिले के थाना ताला अंतर्गत ग्राम पंचायत इटमा में सड़क की नाप करा रहे वर्तमान सरपंच के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है.मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत इटमा के सरपंच राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 नवंबर को वह पंचायत सचिव बलराम यादव व अन्य लोगों के साथ प्राथमिक शाला से हनुमान मंदिर तक के मुख्य मार्ग की नाप करा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही रामनरेश पटेल ने वहां पहुंचकर नाप करने से रोक दिया और काम बंद करा दिया.
विरोध करने पर आरोपी ने सरपंच के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनके पैर, कंधे, सीने और पेट में चोटें आईं थी. आरोपी द्वारा सरपंच राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी को जान से मारने की धमकी भी देकर फरार हो गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना ताला पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और आरोपी रामनरेश पटेल पिता स्व. दशरथ प्रसाद पटेल, उम्र 59 वर्ष, निवासी इटमा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार मिश्रा और उनकी टीम के प्र.आर. पंकज मिश्रा, उपेन्द्र तिवारी, राकेश मिश्रा व आरक्षक संतोष द्विवेदी. की अहम भूमिका रही
