इंदौर: अशिक्षा और सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी न होने के कारण कई बुजुर्ग सरकारी पेंशन योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं. जानकारी के अभाव में पात्र होने के बावजूद वे आर्थिक सहायता से वंचित हैं. मजदूर वर्ग के इलाकों में पेंशन योजना की जमीनी हकीकत सरकारी दावों पर सवाल खड़े करती है. कई बुजुर्गों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी नहीं हैं तो बार-बार आवेदन करने के बावजूद कई को पेंशन नहीं मिल पा रही है.
मजदूर बस्तियों में बातचीत में सामने आया कि कई बुजुर्गों को पेंशन की पात्रता, आवेदन और ई-केवाईसी प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं है. कुछ बुजुर्गों द्वारा कई बार आवेदन किए फिर भी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पाया. अशिक्षा, दस्तावेजों की कमी, बैंक खाते या आधार संबंधी दिक्कतें और दफ्तरों के चक्कर उनकी परेशानी बढ़ा रहे हैं. 6 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश में सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न योजनाओं के 1,00,436 आवेदन लंबित थे, पिछले छह महीनों में 1.48 लाख पेंशन भुगतान प्रकरण असफल रहे, जबकि पेंशन पोर्टल पर 15 दिन से अधिक समय से 11,863 आवेदन लंबित थे. इंदौर में 2025 में नगर निगम के जवाब के अनुसार 22,398 बुजुर्गों की पेंशन ई-केवाईसी के लिए अस्थायी रूप से रोकी गई थी. लेकिन पात्र बुजुर्गों तक जानकारी पहुंचाने, आवेदन में मदद करने और रुकी पेंशन बहाल कराने के लिए विभाग जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं है. नतीजा कई बुजुर्ग उपरोक्त कारणों से पेंशन योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं.
यह बोले हितग्राही…
मेरी 70 वर्ष की आयु हो चुकी है, पेंशन के लिए तीन-चार बार फॉर्म भर कर दिए, बस वह फॉर्म लेकर रख लेते हैं और पेंशन चालू नहीं करते.
– बाबूलाल धाकड़, चितावद
पेंशन का लाभ लेना चाहता हूं, लेकिन प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं है. क्षेत्र में कोई भी प्रतिनिधि इस योजना को लेकर हम तक नहीं पहुंचा. ऐसे में योजना के लाभ से वंचित हूं.
– रमेश यादव, तीन इमली
60 साल की उम्र हो चली है, अभी तक मजदूरी कर रहा हूं. पढ़ा-लिखा नहीं हूं, पेंशन मिले तो थोड़ा सा सहारा हो जाए, लेकिन कोई बताने वाला भी नहीं.
-सवयसिंह चौहान, पालदा
