55.35 करोड़ की लागत से बनेगा रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग, मंत्री निर्मला भूरिया ने किया भूमिपूजन

झाबुआ. महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने गुरुवार को ग्राम बरवेट में रायपुरिया-जामली-सारंगी-करवड़ टू-लेन मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। लगभग 55.35 करोड़ रुपये की लागत से 23.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। मार्ग बनने से क्षेत्र में आवागमन सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क संपर्क मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।

उन्होंने बताया कि यह मार्ग फूलमाल से थांदला-खवासा-बामनिया-करवड़-रतलाम मार्ग को करवड़ में जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र की रतलाम से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इसका लाभ किसानों, दुग्ध उत्पादकों और व्यापारियों को मिलेगा। कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने, दूध एवं दुग्ध उत्पादों के परिवहन तथा व्यापारिक गतिविधियों में सुविधा होगी।

निर्माण कार्य के लिए 5535.30 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। मार्ग में 20.755 किलोमीटर बीटी और 2.945 किलोमीटर सीसी सड़क के साथ 53 पुल-पुलियों का निर्माण होगा। कार्य पूर्ण करने की अवधि 18 माह निर्धारित है।

Next Post

कलेक्टर डॉ. भरसट ने नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण

Thu Nov 12 , 2026
झाबुआ. कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने गुरुवार को नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत रामा तहसील के ग्राम दौलतपुरा में निर्मित सम्पवेल का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर परियोजना से लाभान्वित जिले के सभी 194 ग्रामों […]

You May Like