
झाबुआ. जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में रिफॉर्म्स उत्सव एवं ‘छू लो आसमान’ कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में विद्यार्थियों ने जनजातीय महानायक भगवान बिरसा मुंडा की वीरता, संघर्ष, त्याग और शौर्यगाथा को रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ एवं थांदला, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बन एवं नौगांवा सहित विभिन्न विद्यालयों में नाटक, निबंध, कहानी, भाषण, चित्रकला और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को समझा। आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय इतिहास एवं संस्कृति से परिचित कराने के साथ उनमें देशभक्ति, स्वाभिमान, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना रहा। विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों में जनजातीय गौरव के प्रति विशेष उत्साह और सम्मान की भावना देखने को मिली।
