
सागर। मध्य प्रदेश के सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण को निर्देशित किया कि संभाग के सभी जिलों के स्कूलों में बच्चों का प्रवेश बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित रहें एवं बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साक्षरता अभियान और संभाग में साइकिल वितरण का लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में साइकिल वितरण काफी कम हुआ है जिसे शीघ्रता से बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि संभाग में 5 हजार से अधिक साइकिल वितरित की जाना हैं। साइकिल वितरण कम होने पर संबंधित जिलों के डीपीसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण जल्द से जल्द किया जाए ताकि सेवानिवृत होने वाले अधिकारी -कर्मचारियों को समय पर पीपीओ जारी हो सकें। उन्होंने पाठ्य पुस्तक वितरण की जांच करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी बच्चा पाठ्य पुस्तक वितरण से नहीं छूटे। उन्होंने संभाग में सांदीपनि विद्यालयों के हस्तांतरण और संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को टीसी और मार्कशीट समय पर प्रदान की जाएं।
कमिश्नर श्री सुचारी ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि सीएम हेल्पलाइन, प्रतिभा किरण योजना, छात्रवृत्ति आदि के प्रकरण लंबित नहीं रहें। उन्होंने महाविद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसी तरह आदिम जाति कल्याण विभाग की समीक्षा में छात्रावासों का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि मदिरा का विक्रय निर्धारित दर पर किया जाए और एमएसपी से कम नहीं हो।कमिश्नर ने कोष लेखा एवं पेंशन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि वेतन निर्धारण के प्रकरणों का निराकरण समय पर हो इसके लिए संभाग में शिविर आयोजित किए जाएं। पेंशन प्रकरणों को समय पर तैयार किया जाए। उन्होंने उद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विधानसभाओं में उद्योगों के लिए भूमि आवंटित नहीं है वहां भूमि आवंटित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हितग्राहियों को उद्यम क्रांति योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
