श्रीनगर, 12 नवंबर (वार्ता) कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में गुरुवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण पूरे क्षेत्र के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। उत्तरी कश्मीर में अपेक्षाकृत अधिक बारिश हुई।
श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच गुलमर्ग सबसे अधिक वर्षा वाले स्थानों में रहा, जहां 14.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कुपवाड़ा में 14.3 मिलीमीटर, पहलगाम में 3.4 मिलीमीटर और श्रीनगर में 1.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि काजीगुंड और कोकरनाग में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग, बांदीपोरा, गुरेज, तुलैल और मुगल रोड के आसपास के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है।
बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे आ गया। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। घाटी के मैदानी स्टेशनों में कुपवाड़ा सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री नीचे लुढ़ककर 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में रात का तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 नवंबर की दोपहर से पहले तक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
