वाशिंगटन, 12 नवंबर (वार्ता) – अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रुबियो ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ बुधवार को फोन पर बातचीत की। यह बातचीत चीन के अनुरोध पर हुई जिसमें दोनों देशों के बीच होने वाली आगामी उच्च-स्तरीय मुलाकातों पर चर्चा की गई।
इस चर्चा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के लिए चीन की प्रस्तावित यात्रा, और जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की फ्लोरिडा की आगामी यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया गया।
श्री वांग यी ने श्री रुबियो के साथ प्रस्तावित मुलाकातों पर चर्चा की। वह चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के केंद्रीय विदेश मामलों के आयोग के कार्यालय के निदेशक एवं पोलित ब्यूरो के सदस्य भी हैं।
दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने देशों के नेताओं द्वारा की गई उस प्रतिबद्धता को याद किया जिसमें रणनीतिक स्थिरता, सम्मान, निष्पक्षता और परस्परता पर आधारित एक रचनात्मक द्विपक्षीय संबंध बनाए रखने की बात कही गई थी।
उन्होंने शांति एवं परमाणु निरस्त्रीकरण जैसे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों नेताओं के बीच सार्थक चर्चा के महत्व पर भी बल दिया। इन चर्चाओं में अमेरिका, चीन और रूस के नेताओं के बीच एक संभावित त्रिपक्षीय बैठक भी शामिल हो सकती है।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और चीन कई उच्च-स्तरीय राजनयिक मुलाकातों की तैयारी कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए संपर्क बनाए रखने और द्विपक्षीय संबंधों को संभालने के महत्व पर जोर दिया है।
