भोपाल। मध्य प्रदेश में दूध की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। 12 नवंबर से नई कीमतें लागू हो गई हैं। अलग-अलग वैरिएंट के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं। अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए हो गया है। हालांकि, इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ अमूल तक सीमित नहीं है, बल्कि लगातार बढ़ती दूध की कीमतों के बीच आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अमूल की ओर से नई कीमतों की जानकारी सप्लायर्स को मौखिक रूप से दी गई है, हालांकि उन्हें अभी लिखित आदेश नहीं मिला है। सप्लायरों के अनुसार 12 नवंबर से भोपाल समेत प्रदेश के अन्य इलाकों में दूध नए रेट पर मिल रहा है।
मध्य प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे ज्यादा खपत होती है। प्रदेश में रोजाना साढ़े 4 लाख लीटर से ज्यादा अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें सबसे ज्यादा खपत इंदौर में करीब सवा लाख लीटर है। भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में रोजाना करीब 50 से 80 हजार लीटर के बीच अमूल दूध की बिक्री होती है।
भोपाल में पैकेट वाले दूध की तुलना में खुले दूध की बिक्री ज्यादा है। यहां रोजाना करीब 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की खपत होती है। पैकेट वाले दूध में सांची सबसे आगे है, जिसकी रोजाना औसतन 3 लाख लीटर बिक्री होती है। वहीं भोपाल में अमूल की रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है। इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर है, जिसकी सप्लाई शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होती है।
मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से देश के कई हिस्सों में दूध के दाम बढ़ाए हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नए रेट लागू नहीं किए गए हैं। प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है, जबकि भोपाल में इसकी खपत करीब 25 हजार लीटर है। इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी इसकी सप्लाई होती है। स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मदर डेयरी के रेट सांची या स्थानीय दूध संघों की कीमतों में बदलाव के बाद ही बढ़ सकते हैं।
दूध के अलग-अलग वैरिएंट में फुल क्रीम मिल्क में कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है, जबकि टोंड मिल्क में फैट करीब 3 प्रतिशत और डबल टोंड मिल्क में करीब 1.5 प्रतिशत होता है। मदर डेयरी का बल्क टोंड मिल्क वेंडिंग बूथ पर बिना पाउच के सीधे उपलब्ध कराया जाता है।
दूध रोजमर्रा की जरूरत होने के कारण कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।
