गोपाष्टमी पर मालवा भ्रमण पर जाएंगे ओंकार जी महाराज, 15 दिन बाद भैरव अष्टमी पर होगी वापसी

ओंकारेश्वर। प्राचीन परंपरा के अनुसार ओंकारेश्वर भगवान कार्तिक सुदी गोपाष्टमी पर 15 दिन के लिए मालवा भ्रमण पर जाएंगे और भैरव अष्टमी पर वापस मंदिर लौटेंगे।

विद्वान पंडित गोपाल दुबे ने बताया कि इस वर्ष गोपाष्टमी 17 नवंबर को है। प्रातः मंगला आरती के बाद ओंकार जी महाराज मालवा भ्रमण के लिए रवाना होंगे। 15 दिन मालवा में भ्रमण के बाद भैरव अष्टमी को वापस ओंकारेश्वर आएंगे।

उन्होंने बताया कि प्राचीन समय से यह परंपरा चली आ रही है। पहले ओंकार जी महाराज पालकी में सवार होकर मालवा भ्रमण पर जाते थे। उनके साथ पुजारी, भक्त, सेवक और खटपटियों का पूरा लवाजमा रहता था। गांव-गांव में उनका डेरा लगता था। अब वह परंपरा सूक्ष्म रूप में निभाई जाती है, ऐसी मान्यता है।

गोपाष्टमी के दिन प्रातः मंदिर का विशेष श्रृंगार कर सुकड़ी का भोग लगाया जाएगा। आसपास के सभी मंदिरों को सजाया जाएगा। मंगला आरती के बाद ओंकार जी महाराज रवाना हो जाएंगे।

इन 15 दिनों के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में होने वाली त्रिकाल पूजा सूक्ष्म रूप में होगी। रात्रि में लगने वाला झूला और चौपड़ नहीं लगाई जाएगी।

भैरव अष्टमी पर जब ओंकार जी महाराज वापस लौटेंगे तो भैरव मंदिर सहित सभी मंदिरों में सजावट की जाएगी, चोले चढ़ाए जाएंगे। ओंकारेश्वर मंदिर को नर्मदा जल से शुद्ध किया जाएगा और भगवान पुनः अपने मंदिर में विराजमान होंगे। उसके बाद सभी पूजाएं विधिवत शुरू हो जाएंगी और झूला-चौसर भी लगने लगेगी।

पंडित दुबे ने बताया कि पहले जब ओंकार जी महाराज की पालकी जाती थी तो कई ग्रामीणों और किसानों ने अपनी जमीन भगवान को दान की थी, जो आज भी मंदिर ट्रस्ट के अधीन है। वर्तमान में सैकड़ों एकड़ जमीन ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के पास है।

Next Post

नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग का वीजा अंतिम समय में रद्द होने पर एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने जताई गहरी चिंता

Thu Nov 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (ईजीआई) ने स्वतंत्र नॉर्वेजियन पत्रकार हेले लिंग को जारी किए गए वीजा को अंतिम समय में रद्द किए जाने पर गुरुवार को गहरी चिंता व्यक्त की। गिल्ड के अध्यक्ष संजय कपूर और महासचिव राघवन श्रीनिवासन के एक बयान में कहा गया […]

You May Like