नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग का वीजा अंतिम समय में रद्द होने पर एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने जताई गहरी चिंता

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (ईजीआई) ने स्वतंत्र नॉर्वेजियन पत्रकार हेले लिंग को जारी किए गए वीजा को अंतिम समय में रद्द किए जाने पर गुरुवार को गहरी चिंता व्यक्त की।

गिल्ड के अध्यक्ष संजय कपूर और महासचिव राघवन श्रीनिवासन के एक बयान में कहा गया कि सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सुश्री लिंग की साझा की गई जानकारी के अनुसार, उन्हें हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ को संबोधित करना था। हालांकि, भारत के लिए उड़ान पकड़ने के वास्ते हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से ठीक कुछ मिनट पहले नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास ने उन्हें सूचित किया कि उन्हें देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ईजीआई ने कहा कि इस वीजा रद्द होने की वजह समझ से परे है। बयान में कहा गया, “सुश्री लिंग एक वैध और सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पत्रकार हैं, जिनका एकमात्र ‘अपराध’ संभवतः मई 2026 में ओस्लो में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक सवाल पूछना प्रतीत होता है।”

गिल्ड ने इस कार्रवाई को नौकरशाही की अतिरेक बताते हुए कहा कि ऐसे कदमों से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत की छवि को गहरा नुकसान पहुंचता है। संगठन ने कहा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी भी लोकतंत्र के प्राथमिक सिद्धांतों में से एक है।

एडिटर्स गिल्ड ने सरकार से मांग की है कि वह सुश्री लिंग का वीजा रद्द करने के कारणों का सार्वजनिक रूप से खुलासा करे। साथ ही, गिल्ड ने वीजा रद्द करने के फैसले को तुरंत वापस लेने और सुश्री लिंग को भारतीय जनता के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने की अनुमति देने का आग्रह किया है।

इससे पहले नॉर्वे की पत्रकार सुश्री लिंग ने गुरुवार को आरोप लगाया कि वीजा जारी होने और राजनीतिक मंजूरी मिलने के बावजूद भारतीय अधिकारियों ने उन्हें 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाले ‘भारत समिट’ में भाग लेने की अनुमति नहीं दी।

सम्मेलन में प्रेस की स्वतंत्रता विषय पर बोलने के लिए आमंत्रित सुश्री लिंग ने कहा कि हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से ठीक 10 मिनट पहले नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास ने उन्हें फोन पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने इस फैसले को केंद्रीय गृह मंत्रालय के लिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस पर दोबारा से विचार करने की अपील की है और कहा है कि वे अब भी उड़ान पकड़कर कार्यक्रम में शामिल होने की स्थिति में हैं।

गौरतलब है कि नार्वे की इस महिला संवाददाता ने मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान उनसे सवाल पूछे थे। एक वीडियो संदेश में सुश्री लिंग ने आशंका जताई कि यह फैसला राजनीति से प्रेरित हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार की उनकी आलोचना के कारण उन्हें कथित तौर पर प्रवेश से वंचित किया गया है।

फैसले के पीछे के कारणों पर स्पष्टीकरण मांगते हुए उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) पर अपनी रिपोर्टिंग और सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ अपने साक्षात्कार का भी उल्लेख किया।

हालांकि, प्रवेश से वंचित किए जाने के कथित आधारों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही भारतीय अधिकारियों की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।

उल्लेखनीय है कि हैदराबाद में आयोजित होने वाले ‘भारत समिट’ में लोकतंत्र, आर्थिक नीतियों और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए दुनिया भर से उदारवादी और प्रगतिशील प्रतिनिधि एकत्र होने वाले हैं। सुश्री लिंग को को एक कार्यशील लोकतंत्र में प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी भूमिका विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेना था।

सुश्री लिंग ने एक पोस्ट में ईजीआई का शुक्रिया अदा करते हुए संगठन के पत्र की प्रति को भी संलग्न किया है।

.....

Next Post

मोदी ने दीपावली पर कांग्रेस नेता पित्रोदा को 'सैम भाई' कहकर दी बधाई, सियासी तल्खी के बीच दिखा दोस्ताना भाव

Thu Nov 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक तल्खी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को ‘सैम भाई’ कहकर दीपावली की बधाई दी जिससे दोनों नेताओं के बीच सियासी मतभेदों के बावजूद दोस्ताना भाव की झलक देखने को मिली।   श्री मोदी […]

You May Like