शिवपुरी: बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरपुर निवासी मोहर सिंह रावत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मुड़ेरी की पुलिया के पास पवार के पौधों में उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला। शव के पास पत्थर भी पड़े हुए थे और मृतक की आंख के ऊपर तथा माथे पर चोट के निशान पाए गए। सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका के चलते मामला अब हादसे और हत्या के बीच उलझ गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मोहर सिंह नशे की हालत में पैदल जाते समय गिर गए होंगे और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि चोट के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि शव मिलने से एक दिन पहले मोहर सिंह ने अपने भतीजे के साथ बैठकर शराब पी थी। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद वह काफी देर तक नशे की हालत में रहे थे। अगले दिन शनिवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच उनका शव मुड़ेरी की पुलिया के पास मिला।सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर के मुताबिक फिलहाल मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे की संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
